रायपुरPublished: Feb 23, 2023 09:32:33 pm
CG Desk
- राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी राशि देने से वाहनों की संख्या बढ़ी.
राकेश टेम्भुरकर @ रायपुर. पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ रही कीमतों को देखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का लगातार क्रेज बढ़ रहा है। 2022 के दौरान प्रदेश में 499788 ईंधन चलित वाहनों की बिक्री हुई। इसमें करीब 50000 ईवी शामिल है। औसतन हर 10 ईंधन चलित वाहनों में 1 ईवी शामिल है। इसमें सबसे अधिक संख्या दोपहिया और तीन पहिया ऑटो शामिल है। ऑटोमोबाइल्स कारोबारियों का कहना है कि राज्य और केंद्र सरकार द्वारा सब्सिडी और रोड टैक्स में छूट दिए जाने से ईवी की बिक्री में इजाफा हो रहा है। वहीं डिमांड को देखते हुए सभी नामी कंपनियों द्वारा भी इसका निर्माण किया जा रहा है। इसे अक्टूबर-नवंबर में लांच करने की तैयारी चल रही है। इसके बाद विभिन्न तरह के मॉडल और आकर्षक कीमतों में यह मिलेगा। बता दें कि परिवहन विभाग में रजिस्टर्ड 1292 वाहन खरीदारों को राज्य सरकार द्वारा 2 करोड़ 35 लाख 90515 रुपए की सब्सिडी राशि दी गई है।