script

दिवाली में कहीं नशे में चला चाकू तो कहीं पुरानी रंजिश में लाठी-डंडा

locationरायपुरPublished: Nov 18, 2020 12:20:44 am

Submitted by:

CG Desk

– टिकरापारा, गुढि़यारी इलाके में चला चाकू, माना में हुए बलवा में दस लोग घायल .
 

Murder in National Capital

दिल्ली में संगीन वारदात।

रायपुर। दिवाली के मौके पर कहीं नशे में चाकू चला, तो कहीं पुरानी रंजिश निकाली गई। इससे कई लोग बुरी तरह घायल हो गए। माना में दो पक्षों में पुरानी रंजिश के चलते बलवा हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर चाकू-लाठी से हमला किया। इसमें दस लोग घायल हो गए। इसी तरह गुढि़यारी इलाके में फिर चाकूबाजी हो गई। इससे पहले एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। टिकरापारा और कबीर नगर इलाके में भी मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी हो गई।
गौरा-गौरी विसर्जन के दौरान चला चाकू
टिकरापारा इलाके में गौरा-गौरी विसर्जन के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक को चाकू मार दिया गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस के मुताबिक मठपारा स्थित चिरौंजी तालाब में यादव मोहल्ला से गौरा-गौरी विसर्जन यात्रा पहुंची थी। इसमें शामिल ललित उर्फ संदीप यादव और उसके दोस्त गोविंद साहू उर्फ बल्लू के बीच झगड़ा हो गया। दोनों के बीच गाली-गलौज होने लगा। इसके बाद गोविंद ने चाकू निकाला और संदीप को मार दिया। चाकू जांघ में लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया गया है।
गुढि़यारी में फिर चला चाकू
इसी तरह गुढि़यारी के अर्जुन नगर में रामलाल सोना का नाबालिग लड़का सुजान सोना को कनवर बाघ ने मामूली विवाद पर चाकू मार दिया। इससे सुजान बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है। एक अन्य घटना में सुदामा नगर में कालीमंदिर के पास जुआ खेलते समय विवाद हो गया। इसमें देवव्रत विश्वकर्मा को पिंटू और क्रिश साहू ने चाकू मार दिया। इससे वह घायल हो गया। इसी तरह कबीर नगर के वाल्मिकी नगर में आशु क्षत्रिय और अनिल क्षत्रिय का राहुल रक्सेल से झगड़ा हो गया। इससे नाराज आशु और अनिल ने राहुल को चाकू मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है।
पुरानी रंजिश पर बलवा
माना इलाके के ग्राम बरौदा में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के चलते बलवा हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडा और चाकू से हमला किया। इसमें दस लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक खिलावन डहरिया और भगवती नारंग परिवार के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। रविवार की शाम दोनों पक्ष भिड़ गए। और एक-दूसरे पर लाठी-डंडा और चाकू से हमला कर दिया। इससे दोनों पक्षों के दस लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों के बीच पुलिस ने काउंटर केस दर्ज किया है। इसके अलावा खमतराई, तेलीबांधा, सिविल लाइन इलाके में भी मारपीट और झगड़ा हुआ।

ट्रेंडिंग वीडियो