खमतराई पुलिस के मुताबिक कोरबा की एक महिला अपने पति और बच्चे के साथ रायपुर में रहती है। वह एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। 11 जुलाई को उसके पति किसी काम से कोरबा गए थे। उसी दिन महिला का पुराना प्रेमी बिलासपुर निवासी सुनील यादव पहुंचा और महिला के घर ही रूक गया। उसी रात करीब 2 बजे सुनील ने महिला का अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद उसे डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। आरोपी 14 जुलाई तक महिला के घर ही रूका रहा और दुष्कर्म करता रहा। इसके बाद चला गया।
आरोपी बिलासपुर जाने के बाद भी महिला को मिलने के लिए धमकाता था। इससे परेशान होकर महिला ने इसकी शिकायत थाने में की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी का मामला दर्ज किया। खमतराई टीआई यदुमणि सिदार ने बताया कि आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर लिया गया है।