रायपुर

शेर डांस वाला म्यूजिक बजाने का विरोध करने पर चाकू मारकर हत्या

Crime in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हत्या की दो अलग-अलग वारदात सामने आई है। दरअसल, हत्या की यह दोनों घटनाएं शनिवार देर रात की है।

रायपुरSep 15, 2019 / 07:45 pm

Ashish Gupta

murdered dead body

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हत्या की दो अलग-अलग वारदात सामने आई है। दरअसल, हत्या की यह दोनों घटनाएं शनिवार देर रात की है। दोनों मामलों में पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार की रात करीब 1.30 बजे पुराना राजेंद्र नगर में गोवर्धन चौक के पास श्रीमहाकाल गणेश उत्सव समिति के लोग प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे। इस दौरान काशीराम नगर निवास सोहेल कुरैशी उर्फ छोटा मोनू (20) अपने दोस्त अजहर उर्फ विक्की और राहुल उपाध्याय के साथ गोवर्धन चौक पहुंचा।
इसके बाद डीजे वाले से शेर डांस वाला म्यूजिक बजाने के लिए कहा। इससे कुछ युवकों ने उसे मना किया। सोहेल अपनी जिद पर अड़ा रहा। इससे विवाद बढ़ गया। इसके बाद सोहेल चाकू निकालकर गणेश प्रतिमा ले जा रहे मालवाहक राजू को चाकू मार दिया। इसके बाद दूसरे युवकों ने सोहल पर चाकू से हमला कर दिया।
ताबड़तोड़ कई वार करने से वह बुरी तरह घायल हो गया। उसके दोनों दोस्त मौके से भाग निकले। घटना की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। सोहेल की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। पुलिस देर रात तक हमलावरों की तलाश में लगी रही। सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
IMAGE CREDIT: Murder: Chennai murder, couple found dead in collage campus

युवकों ने पीटा, चपरासी की हो गई मौत
एक अन्य घटना गोलबाजार इलाके में हुई। नगर एवं ग्राम निवेश विभाग में चपरासी जयचंद मंडावी (56) रात करीब 1 बजे झांकी देखने गए थे। वह गणेश नगर फल मार्केट के पास झांकी देख रहा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे। और उनसे विवाद करने लगे।

युवकों ने उनसे मारपीट करते हुए नगदी पैसा व पर्स लूटने की कोशिश शुरू कर दी। विरोध करने पर युवक उन्हें धक्का देकर भाग निकले। वह नीचे गिर पड़े। इससे उनकी मौत हो गई। उनके सिर में दो जगह गंभीर चोट के निशान मिले हैं। एक व दो इंच के घाव बने हैं। गोलबाजार पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी में धक्का देते दिखे युवक
घटना स्थल की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसमें दो युवक मृतक को धक्का देते हुए दिखे हैं। बाकी की घटना नजर नहीं आई है। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने उन्हें लूटने की कोशिश की, लेकिन इसमें सफल नहीं हुए। इसके बाद मारपीट करते हुए धक्का देकर भाग निकले। इससे उन्हें गंभीर चोट आई और उनकी मौत हो गई।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.