scriptहाथियों के उत्पात से किसान परेशान, राजधानी में करेंगे आवाज बुलंद | Elephants troubled by farmers, will raise their voice in the capital | Patrika News

हाथियों के उत्पात से किसान परेशान, राजधानी में करेंगे आवाज बुलंद

locationरायपुरPublished: Oct 22, 2019 06:36:47 pm

करीब चार साल से हाथियों के उत्पात से त्रस्त किसान अब दीपावली पर्व के बाद 12 सूत्रीय मांग को लेकर राजधानी में आंदोलन करने की तैयारी में हैं। इस आंदोलन में अन्य जिलों के प्रभावित किसानों को शामिल होने का आग्रह करेंगे। हाथी भगाओ फसल बचाओ समिति के बैनर तले यह आंदोलन होगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।

हाथियों के उत्पात से किसान परेशान, राजधानी में करेंगे आवाज बुलंद

सिरपुर क्षेत्र में हाथियों के कारण दहशत

महासमुंद. जिला मुख्यालय में हाथी की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए कई बार हाथी प्रभावित गांवों के किसानों ने आंदोलन कर शासन-प्रशासन को अपनी पीड़ा से अवगत कराया। अब तक नतीजे का इंतजार है। ग्रामीण व प्रभावित किसान अपने स्तर पर फसल नुकसानी से बचने हाथियों को खदेडऩे का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, वन विभाग का गजराज वाहन भी लोगों की मदद कर रहा है, पर राहत मिलती नहीं दिख रही है। ज्ञात हो कि उत्पाती हाथियों को गांव की तरफ रुख करने से रोकने के सारे प्रयास अब तक नाकाम साबित हुए हैं। अब भी एक दर्जन गांवों में रोज हाथियों के आने की आहट से लोग घबराए हुए हैं। कुछ दिन पहले ही कुकराडीह बंजर में दंतैल ने एक बुजुर्ग को कुचलकर मार डाला था। इसके बाद गांव में आक्रोश देखा गया। फिर 500 से अधिक किसानों ने रैली निकाली। कलेक्टर और डीएफओ से दस सूत्रीय मांगों को लेकर चर्चा की। कई मांगों पर सहमति बन गई। कुकराडीह बंजर में झाडिय़ों की कटाई भी प्रारंभ हो गई है।
ये हैं किसानों की मांगें
हाथियों से खदेडऩे, हुल्ला पार्टी बुलाने, फसल क्षति की मुआवजा राशि बढ़ाने, समय पर मुआवजा प्रकरण, वास्तविक क्षति पर मुआवजा, जनहानि पर मुआवजा राशि 10 लाख रुपए, एनजीओ के स्थान पर किसानों को संसाधन मुहैया कराए जाने आदि मांगें शामिल हैं। इन्हीं मांगों को लेकर आंदोलन करने की तैयारी है।
आंदोलन के लिए बैठकों का दौर भी प्रारंभ
हाथी भगाओ फसल बचाओ समिति के संयोजक राधेलाल सिन्हा ने बताया कि अब राजधानी में बड़ा आंदोलन करने का फैसला लिया गया है। इसमें प्रदेश के सभी हाथी प्रभावित जिले के ग्रामीणों को शामिल होने के लिए आग्रह किया जाएगा। आंदोलन के बाद वनमंत्री और पीसीसीएफ को ज्ञापन सौंपने की तैयारी है। हाथी भगाओ फसल बचाओ समिति के संयोजक राधेलाल सिन्हा, रमाकांत धु्रव, मनराखन ठाकुर, योगेश ठाकुर, परदेशी राम बरिहा, मोहन चंद्राकर, अमजद खान, मोहन सिन्हा, रूपसिंह नेताम, राधेश्याम धु्रव आदि के बीच आंदोलन की सहमती बनी है।

ट्रेंडिंग वीडियो