scriptकिसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले- हर साल और हर हाल में धान 2500 रुपए प्रति क्विंटल में खरीदेगी छत्तीसगढ़ सरकार | Farmers' Conference:Will give 2500 paddy every year: Bhupesh Baghel | Patrika News

किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले- हर साल और हर हाल में धान 2500 रुपए प्रति क्विंटल में खरीदेगी छत्तीसगढ़ सरकार

locationरायपुरPublished: Dec 09, 2019 01:24:19 am

Submitted by:

bhemendra yadav

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार किसानों का अहित नहीं होने देगी, सरकार हर साल 2500 रुपए क्विंटल की दर से धान खरीदेगी।

किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले- हर साल और हर हाल में धान 2500 रुपए प्रति क्विंटल में खरीदेगी छत्तीसगढ़ सरकार

सम्मेलन में किसानों ने जताया सीएम का आभार।

रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी के इनडोर स्टेडियम में कहा, सरकार हर साल 2500 रुपए क्विंटल की दर से धान खरीदेगी। केंद्र सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर खरीदी के बाद अंतर की राशि उन्हें दूसरे मद से दी जाएगी। उन्होंने कहा, सरकार किसानों का अहित नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री रविवार को किसान स्वाभिमान, सम्मान एवं संघर्ष यात्रा के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा, केंद्र की मोदी सरकार कह रही है कि अगर बोनस के साथ खरीदी करोगे तो सेंट्रल पुल का चावल नहीं खरीदेंगे। लेकिन, हमने भी तय किया कि हम केंद्र सरकार के समर्थन मूल्य में ही खरीदी करेंगे, अंतर की राशि का भुगतान करने के लिए दूसरी योजना के तहत शेष राशि किसानों खाते में जमा कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, केंद्र सरकार ने 2017 में धान का समर्थन मूल्य 200 रुपया बढ़ाया था, इस वर्ष 65 रुपया बढ़ाया। इससे किसानों की आय दोगुनी नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार धान से एथेनाल बनाने की योजना ला रही है। 12 कारोबारियों ने इसमें रुचि दिखाई है। टेंडर भी भर दिए हैं। इस एथेनाल को पेट्रोलियम कंपनियों को बेचा जाएगा। इससे किसानों को अच्छा दाम मिलेगा। किसान स्वाभिमान यात्रा का आयोजन जिला किसान संघ, बिलासपुर ने किया था। समारोह के दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री को खुमरी और हल देकर अभिनंदन किया।
पूरा धान नहीं बेच पाएंगे किसान: भाजपा
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संदीप शर्मा ने धान खरीदी में अनियमितताओं को लेकर सरकार की नीयत पर सवाल उठाया है। शर्मा ने कहा, विपक्ष में रहते हुए एक नंवबर से धान खरीदने की मांग करने वाले भूपेश बघेल, मुख्यमंत्री बनते ही एक दिसम्बर से धान खरीदी शुरू कर अपने सियासी चरित्र का परिचय दे चुके हैं। अब सरकार धान खरीदी के लिए बारदाने तक कम दे रही है। रकबा घटाने के साथ-साथ धान खरीदी की लिमिट भी तय कर दिया गया है। उन्होंने कहा, सरकार के रोज-रोज के फरमानों से किसान 15 फरवरी तक अपना पूरा धान ही नहीं बेच पाएंगे।
कांग्रेस ने बताया, मनगढ़ंत आरोप
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा नेताओं पर मनगढं़त आरोप लगाने की बात कही। ठाकुर ने कहा, पूर्व कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और भाजपा का किसान विरोधी चेहरा उजागर हो चुका है। पूंजीपतियों के समर्थन में खड़ी भाजपा किसानों के हित की बात आने पर मौन साध लेती है। पहले भी किसानों से 2500 रुपया क्विंटल की दर से धान खरीदी हुई, आज भी किसानों को उतना मिलेगा। भाजपा के नेता किसानों को बरगलाने के लिए तथ्यहीन बेबुनियाद मनगढ़ंत आरोप लगाकर खुद को किसान हितैषी बताने में लगे हुए हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो