रायपुर

सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में बनी खाद अब तक नहीं बिकी, नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड ने लिया सैंपल

– वर्ष 2017 से शहर के कचरे से कछार स्थित प्लांट में बनाई जा रही है खाद .
 

रायपुरOct 08, 2020 / 06:34 pm

CG Desk

बिलासपुर. शहर के कचरे को सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट (solid waste management plant) में केमिकल डालकर खाद बनाने का काम पिछले 3 साल से जारी है। अब तक किसी बड़े संस्थान ने खाद खरीदने में रुचि नहीं दिखाई है। वहीं नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड कंपनी (National Fertilizer Limited Company) ने प्लांट में बने खाद को खरीदने से पहले टेस्टिंग के लिए सैंपल लिया है।
वर्ष 2017 में नगर निगम ने दिल्ली की रैमी कंपनी से शहर का कचरा उठाने का ठेका दिया था। अनुबंध के तहत नगर निगम ने ठेका कंपनी से कछार में अपने खर्च पर सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाने की शर्त और शहर से उठाए जाने वाले कचरे का भुगतान करने की शर्त रखी थी। साथ ही कचरा उठाने और उसे लेकर कछार स्थित सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट तक लेजाने का खर्च भी ठेका कंपनी को उठाना था। नगर निगम ने ठेका कंपनी से 15 साल का अनुबंध किया है। तय अनुबंध के तहत नगर निगम को सिर्फ कचरा उठाने और कचरे के वजन के हिसाब से ठेका कंपनी को भुगतान कराना है। 1 टन कचरा उठाने पर ठेका कंपनी को निगम 2015 रुपए का भुगतान कर रहा है।
ठेका कंपनी ने लगाया प्लांट
कचरा उठाने वाली ठेका कंपनी रैमकी ने कछार में 35 करोड़ की लागत से सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाया है। प्लांट लगाए 3 साल बीत चुके हैं। साथ ही 15 साल तक ठेका कंपनी प्लांट में कचरे से खाद बनाएगी, इसके बाद प्लांट नगर निगम को मिल जाएगा।
3 साल बाद नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड हुआ खाद खरीदने राजी
ठेका कंपनी पिछले ३ साल से कचरे से खाद बनाने का काम कर रही है। प्लांट और आसपास कंपनी ने कचरे से बने खाद का भंडारण किया है। नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड ने कुछ दिनों ने खाद को टेटिंग के लिए मंगवाया था। एनएफएल खाद खरीदने की मंजूरी दे दी है।
2032 के बाद निगम करेगा काम
ठेका कंपनी से अनुबंध खत्म होने के बाद सन 2032 से नगर निगम सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट तक शहर से कचरा ले जाने और खाद बनाने का काम शुरू कर देगा। कचरा उठाने के लिए निगम शहर वासियों से हर महीने शुल्क वसूल करेगा और इसके बाद प्लांट में कचरे से खाद बनाने के बाद उसे एनएफएल को बेचेगा।
सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट ठेका कंपनी ने लगाया है। 2017 से 15 वर्षों के लिए ठेका कंपनी से निगम ने अनुबंध किया है। खाद खरीदने एनएफएल ने सहमति दे दी है।
अनुपम तिवारी, प्रभारी, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.