script

गुरुपूर्णिमा : संतों के आश्रमों में पादुका पूजन के साथ भजन-सत्संग का आयोजन

locationरायपुरPublished: Jul 24, 2021 06:46:28 pm

Submitted by:

CG Desk

– आज गुरुपूर्णिमा, गूंजेगा गुरुवे नम:

guru purnima

guru purnima 2021

रायपुर. गुरु-शिष्य परंपरा का जीवंत पर्व गुरुपूर्णिमा महोत्सव है। इस अवसर पर शहर के सभी मठ-मंदिरों, संतों के आश्रम और चातुर्मास स्थानों में विराजे गुरुओं का पूजन कर शिष्य मंडली परिवार आशीर्वाद प्राप्त करेगा। सुबह से गुरुओं के श्रद्धाभाव के साथ गुरुवे नम : गुंजित होगा। आश्रमों में कोरोना नियमों के तहत गुरुपूर्णिमा महोत्सव मनाने की तैयारियां पूरी की गई हैं। दूधाधारी मठ, बोरियाकला शंकराचार्य आश्रम, सुदर्शन संस्थानम् बिरगांव आश्रम में शिष्य मंडली पादुका पूजन करेगी।
12 घंटे का मंत्र जाप पूरा, आज अभिषेक होगा
समता कॉलोनी गायत्री शक्तिपीठ में मां गायत्री का अभिषेक पूजन कर गुरुपूर्णिमा महोत्सव मनेगा। इस उपलक्ष्य में शुक्रवार को १२ घंटे तक दूर-दूर बैठकर गायत्री महामंत्र जाप कर जनकल्याण की कामना की। मीडिया प्रभारी राजेश शुक्ला ने बताया कि मुख्य प्रबंध ट्रस्टी श्याम बैस सहित ट्रस्टियों, सदस्यों ने सुबह ६ से शाम ६ बजे तक मंत्र जाप पूरा किया। गुरुपूर्णिमा पर गायत्री परिवार गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का चरण पादुका पूजन कर सर्वकल्याण के लिए यज्ञ हवन करेंगे।
रावतपुरा आश्रम में व्यासपीठ पूजन
संत शिरोमणि रावतपुरा सरकार ने सुख-शांति और समृद्धि के लिए चातुर्मास व्रत अनुष्ठान प्रारंभ किया है। शनिवार को गुरुपूर्णिमा महोत्सव मनेगा। इस अवसर पर अनेक शिष्य तेंदूखेड़ा नरसिंहपुर आश्रम के लिए रवाना हुए। जहां महाराज विराजमान हैं। रायपुर धनेली आश्रम में ब्रह्म मुहूर्त में व्यासपीठ, पादुका पूजन, अभिषेक प्रारंभ होगा। प्रार्थना सुबह 9 बजे एवं सायं 6 बजे होगी एवं श्रीरामार्चन पाठ होगा।
ब्रह्मलोक आश्रम कुम्हारी
संत सुधांशु महाराज के आश्रम ब्रह्मलोक कुम्हारी में गुरुपूजन होगा। मीडिया प्रभारी अश्वनी विग ने बताया कि कोरोना को देखते हुए अधिकांश अनुयायी महाराज के फोटो के समक्ष पूजन कर श्रद्धाभाव प्रकट करेंगे। इस अवसर पर सुधांशु महाराज वर्चुअल आशीर्वाद अपने शिष्यों को देंगे। जिसका सीधा प्रसारण होगा।
शिव स्थापना महोत्सव
शिव शिवा मंदिर सेवा समिति अग्रोहा कॉलोनी में गुरुपूर्णिमा पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ, मानस मास पारायण प्रारंभ आरती होगी। यह आयोजन २६ जुलाई तक चलेगा। सेवादारी प्रेम सिंघानियां ने बताया कि जलाभिषेक, हवन, भोग-आरती के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
श्रमण संघ के बच्चे माता-पिता की पूजा करेंगे
रायपुर श्रमण संघ के अध्यक्ष ललित पटवा ने बताया कि शुक्रवार से साधना-आराधना और जप-तप का सिलसिला शुरू हो गया है। अब प्रतिदिन सुबह 8.45 से 9.45 बजे तक साध्वियों के प्रवचन होंगे। कोरोना नियमों का पालन करते हुए रोज शाम प्रतिक्रमण और गुरु पूर्णिमा पर शनिवार को श्री लालगंगा पटवा भवन में बच्चे माता-पिता और गुरु भगवंतों की पूजा करेंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो