राजधानी में गुरुवार दोपहर करीब चार बजे कुदरत का मिजाज खतरनाक अंदाज में बदल गया। तेज आंधी के साथ गरज चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। गुरुवार को आए आंधी-तूफान ने पूरे रायपुर को हिलाकर रख दिया। इस खतरनाक आंधी-तूफान ने पूरे शहर में तबाही मचाई।
इससे पूरा शहर आधे घंटे के लिए थम गया था। तेज बारिश से शहर के कुछ इलाकों बारिश का पानी भरा गया। कुछ जगहों पर प्रमुख मार्ग पर भी पानी भरा रहा। इससे निगम प्रशासन द्वारा बारिश के पानी निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। हर साल पानी भरने के बावजूद इस बार भी बारिश पूर्व पानी निकासी का कोई प्रबंध नहीं किया गया।
गुरुवार सुबह से दोपहर तीन बजे तक तीखी गर्मी पड़ी। अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री रहा। जो सामान्य था। वहीं रात का तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 36.5 डिग्री रहा। आर्द्रता सुबह 51 फीसदी, शाम को 56 फीसदी रही।
7 मिमी बारिश
गुरुवार दोपहर चार बजे शुरू हुई बारिश करीब आधे घंटे तक हुई। इस दौरान एेसा लग रहा था, जैसे आषाढ़ की बारिश हो रही है। तेज हवाएं, काले बादल, बिजली की गडग़ड़ाहट के साथ झमाझम बारिश हो रही थी, जो जहां थे वहीं पर रुककर बारिश के थमने का इंतजार कर रहे थे। बारिश के दौरान शहर की सड़कें सूनी हो गई थीं। इक्का-दुक्का चार पहिया वाहन ही चलते नजर आ रहे थे।
होर्डिंग रोड पर गिरे
शहर के डिवाइडरों पर लगे बिजली खंभों में नेताओं के लगे बैनर-पोस्टर होर्डिंग तेज आंधी से रोड पर धड़ाधड़ गिर रहे थे। वहीं कुछ जगहों पर पेड़ों की टहनियां भी टूटकर रोड पर गिरी हुई थी।