हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सेक्टर-2 बी ब्लॉक प्लैट नंबर 32 निवासी राहुल सरना(42) की किसी ने उसके ही फ्लैट में बेरहमी से हत्या कर दी। और बाहर ताला लगाकर फरार हो गया। इसकी जानकारी किसी को नहीं हो पाई। घटना के समय राहुल घर में अकेला था।
पुलिस के मुताबिक उसकी मां रेखा सरना करीब 15 दिन पहले अपनी बेटी के घर बैंगलोर चली गई थी। तीन दिन पहले उसने मृतक को फोन किया, तो उसने नहीं उठाया। लगातार फोन करने के बाद भी नहीं उठाया। इसके बाद बुजुर्ग ने शंकर नगर निवासी अपने एक रिश्तेदार को घर भेजा। रिश्तेदार फ्लैट में पहुंचा। बाहर से ताला लगा था। इसके बाद वह भी चले गए।
प्रारंभिक जांच में मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि वह 5 मार्च को रायपुर से बाहर चली गई थी, लेकिन उनका लोकेशन 5 तारीख के बाद भी रायपुर में मिला है। इससे कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि पुलिस ने मामले की कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। मृतक के कॉल डिटेल के आधार पर कुछ संदेहियों से पूछताछ भी की जा रही है। मृतक का पत्नी से करीब आठ साल पहले तलाक हो चुका है। उसकी पत्नी सड्ढू में रहती है। मृतक के आसपास अन्य लोग भी रहते हैं। लेकिन किसी को राहुल की हत्या के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है।
पैसे के चलते हत्या की आशंका
बताया जाता है कि राहुल के पास कुछ पैसे थे। उसके दोस्तों का भी आना-जाना लगा रहता था। शराब पीने के सामान भी कमरे में मिला है। आशंका जताई जा रही है कि पैसे लूटने की नियत से किसी जान-पहचान वाले उसकी हत्या कर दी है। मामले में उसके जान-पहचान और उसके साथ शराब पीने वालों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने एक संदेही की तलाश भी शुरू कर दी है। उसे आखिरी बार मृतक के साथ देखा गया है।