रायपुर

डॉलर के लालच में जेवर गिरवी रख 12 दिन तक भेजती रही लाखों रुपए और जब हकीकत पता चली तो…

इनाम में अमरीकन डॉलर (करीब 25 लाख रुपए) पाने का लालच एक महिला को भारी पड़ गया। इनाम के चक्कर में महिला ने अपनी नकदी को ठगों के खातों में जमा कराया। बाद में अपने व अपनी मां के पुराने जेवरों को भी गिरवी रखकर पैसा जमा किया। इस चक्कर में रायपुर की महिला से 5 लाख से अधिक का ऑनलाइन फ्रॉड हो गया। महिला की शिकायत पर गोलबाजार पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

रायपुरMar 16, 2020 / 01:55 am

Dhal Singh


रायपुर. पुलिस के मुताबिक गोलबाजार इलाके के नयापारा निवासी अनुराधा बरोरे के मोबाइल में 2 मार्च को एक व्यक्ति ने फोन किया और खुद को एक टेलिकॉम कंपनी का कर्मचारी बताते हुए अपना नाम आरके शर्मा बताया। उसने कहा कि आप हमारी कंपनी के लक्की कस्टमर हो। आपको 2 लाख 51 हजार डॉलर का इनाम दिया जाएगा। इसके लिए आपको केवल 14 हजार 500 रुपए जमा करना होगा। इसके बाद इनाम की पूरी राशि आपके खाते में जमा कर दी जाएगी। महिला लालच में आ गई। इसके बाद आरोपी ने कंपनी के कर्मचारी नंदकिशोर का खाता नंबर दिया और इसमें पैसा जमा करने के लिए कहा। इसके बाद महिला ने उस खाते में नगद 14500 जमा कर दिया। पैसा जमा होते ही आरोपी ने फिर फोन किया और कहा कि यह राशि डॉलर में इसे भारतीय पैसा में बदलना होगा। इसके लिए 25000 रुपए जमा करना होगा। महिला ने फिर उसी खाते में 25000 रुपए जमा कर दिया। इसके बाद अगले दिन फिर फोन आया और कहा गया कि डॉलर भारतीय करेंसी में बदल गया है, जो कुल 25 लाख रुपए हो गया है। इस राशि को लेने के लिए जीएसटी राशि जमा करनी होगी। इसके बाद महिला से फिर 25 हजार और 45 हजार रुपए जमा करवाए गए।
इसके बाद आयकर रिटर्न, कस्टम व अन्य कार्य बताकर महिला से 14 मार्च तक अलग-अलग बैंक खातों में कुल 5 लाख 49 हजार 400 रुपए राशि जमा करवाया गया। इसके बाद भी इनाम की राशि नहीं मिली, तो महिला को ठगी का एहसास हुआ और अपने रिश्तेदार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद गोलबाजार थाने में अपराध दर्ज कराया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।
12 दिन तक जमा करती रही पैसा
आरोपियों ने 25 लाख रुपए इनाम देने का एेसा लालच दिया कि महिला 2 मार्च से 14 मार्च तक रोज ठगों के खातों में पैसा जमा करती रही। एक दिन में दो-दो, तीन-तीन बार पैसा जमा किया गया। पैसा नगद, पेटीएम और एटीएम के जरिए आरोपियों के आधा दर्जन बैंक खातों में जमा कराया गया है। महिला 12 दिन अपने घर वालों और परिजनों से बचकर ठगों के निर्देशानुसार उनके खातों में जमा करती रही। पैसा जमा करने से पहले ठग हर बार महिला को 25 लाख मिलने का आश्वासन देते थे।
नकदी खत्म होने पर मां से मांगे जेवर
पुलिस के मुताबिक पीडि़ता को आरोपियों ने इस तरह झांसे में लिया था कि वह अपनी पूरी नकद राशि आरोपियों को दे चुकी थी। नगद राशि खत्म होने के बाद उन्होंने अपनी मां और स्वयं के जेवर गिरवी रखकर पैसा लिया और उन पैसों को भी ठगों को दे दिया। इस तरह महिला धोखाधड़ी की शिकार हो गई।

Home / Raipur / डॉलर के लालच में जेवर गिरवी रख 12 दिन तक भेजती रही लाखों रुपए और जब हकीकत पता चली तो…

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.