scriptभाजपा के सभी प्रत्याशी घोषित, कांग्रेस का दो सीटों पर संशय बरकरार, इन्हे मिला बड़ा मौका | Lok Sabha CG 2019: BJP all candidate are declared see list | Patrika News

भाजपा के सभी प्रत्याशी घोषित, कांग्रेस का दो सीटों पर संशय बरकरार, इन्हे मिला बड़ा मौका

locationरायपुरPublished: Mar 25, 2019 08:43:01 am

Submitted by:

Deepak Sahu

भाजपा ने रविवार को प्रदेश की बची हुई 6 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए

BJP Congress

भाजपा के सभी प्रत्याशी घोषित, कांग्रेस का दो सीटों पर संशय बरकरार, इन्हे मिला बड़ा मौका

रायपुर. भाजपा ने रविवार को प्रदेश की बची हुई 6 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए। प्रदेश की हाईप्रोफाइल सीटों में शुमार राजनांदगांव से सांसद अभिषेक सिंह का टिकट कटने के बाद उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को भी मौका नहीं दिया गया है। राजनांदगांव सीट पर पार्टी ने प्रदेश महामंत्री संतोष पाण्डेय को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, रायपुर लोकसभा सीट से प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व महापौर सुनील सोनी को टिकट मिला है। कांग्रेस ने इस सीट पर रायपुर के मौजूदा महापौर प्रमोद दुबे को उतारा है। भाजपा संसदीय बोर्ड के फैसले के मुताबिक किसी भी सांसद को टिकट नहीं दिया गया है।
सबसे महत्वपूर्ण यह है कि राजनांदगांव से प्रबल दावेदार माने जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की जगह पार्टी ने संतोष पाण्डेय पर भरोसा जताया है। पाण्डेय को यह टिकट पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह की जगह दिया गया है। पाण्ेडय राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्ष-2003 में बीरेन्द्रनगर (वर्तमान में पंडरिया) विधानसभा का चुनाव हार गए थे।
वहीं, रायपुर लोकसभा सीट से 7 बार के सांसद रमेश बैस का टिकट काटकर रायपुर के पूर्व महापौर सुनील सोनी को प्रत्याशी बनाया गया है। अब रायपुर में सीधा मुकाबला वर्तमान महापौर व कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद दुबे और पूर्व महापौर सोनी के बीच होगा। सोनी वर्तमान में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी है और भाजपा के कद्दावर नेता बृजमोहन अग्रवाल के समर्थक माने जाते हैं। हालांकि, टिकट की दौड़ में बृजमोहन अग्रवाल स्वयं शामिल थे। बिलासपुर सांसद लखनलाल साहू का टिकट काटकर अरुण साव को प्रत्याशी बनाया गया है। पेशे से अधिवक्ता अरुण अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री का दायित्व निभा चुके हैं।
भाजपा ने दुर्ग लोकसभा सीट पर जातिगत समीकरण के आधार पर बड़ा दांव खेलते हुए विजय बघेल को अपना प्रत्याशी बनाया है। पाटन के विधायक रहे विजय बघेल ने वर्तमान सीएम भूपेश बघेल को 2008 में पराजित किया था। वर्तमान में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य है। महासमुंद से चंदुलाल साहू का टिकट काटकर चुन्नीलाल साहू को दिया गया है। साहू खल्लारी विधानसभा से एकबार विधायक निर्वाचित हुए है। वहीं कोरबा से डॉ. बंशीलाल महतो की जगह ज्योतिनंद दुबे को प्रत्याशी बनाया गया है। वे खाद्य आयोग के अध्यक्ष रहे हैं और पूर्व में विधायक का चुनाव लड़ चुके हैं।

संतोष पाण्डेय राजनांदगांव
संगठन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के करीबी के तौर पर जाने जाते हैं। किसानों के बीच अच्छी पैठ है।

सुनील सोनी रायपुर
लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं। महापौर और रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष के नाते जनता के बीच सीधी पैठ है। बृजमोहन के करीबी माने जाते हैं।

अरुण साव बिलासपुर
पूरा परिवार आरएसएस के काफी करीबी है। पेश से अधिवक्ता हैं। विद्यार्थियों-युवाओं के बीच अच्छी पैठ है। साव पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के समर्थक माने जाते हैं।

विजय बघेल दुर्ग
लंबा राजनीतिक अनुभव। सीएम भूपेश बघेल के रिश्तेदार और हमेशा एक-दूसरे के प्रतिद्वंदी। कुर्मी समाज में अच्छी पकड़ है। जनता से सीधा जुड़ाव है।

चुन्नीलाल साहू महासमुंद
क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय। भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े होने की वजह से किसानों के बीच अच्छी पैठ है। जातिगति समीकरण को ध्यान में रखा गया है।

ज्योतिनंद दुबे कोरबा
कोरबा सांसद की पसंद के प्रत्याशी है। एसीसीएल में कर्मचारियों के बीच अच्छी पैठ है। पूर्व में चुनाव लडऩे का
अनुभव है।

ये होंगे आमने-सामने

संसदीय क्षेत्रकांग्रेसभाजपा
रायपुरप्रमोद दुबेसुनील सोनी
बिलासपुरअटल श्रीवास्तवअरुण साव
राजनांदगांवभोलाराम साहूसंतोष पाण्डेय
महासमुंदधनेन्द्र साहूचुन्नीलाल साहू
बस्तरदीपक बैजबैदूराम कश्यप
कांकेरबीरेश ठाकुरमोहन मंडावी
सरगुजाखेलसाय सिंहरेणुका सिंह
रायगढ़लालजीत सिंह राठियागोमती साय
जांजगीर-चांपारवि भारद्वाजगुहाराम अजगले
दुर्गप्रत्याशी घोषित नहींविजय बघेल
कोरबाप्रत्याशी घोषित नहींज्योतिनंद दुबे

सीएम बोले- पहले जनता ने नकारा, अब शीर्ष नेतृत्व ने
भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, पहले जनता ने रमन सिंह को नकारा था, अब शीर्ष नेतृत्व ने भी उन्हें हासिए पर डाल दिया है। उन्होंने पीएम मोदी से सभी सांसदों का टिकट काटने की वजह भी पूछी है। सीएम ने ट्वीटर पर लिखा, जनता समझ रही है कि अपने निकम्मे और नाकारा सांसदों को हारने से पहले ही आपने हटा लिया है।

रमन सिंह ने कहा- मुकाबला 55 साल बनाम पांच साल का
इधर, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा, यह चुनाव कांग्रेस के 55 साल और नरेंद्र मोदी के 5 साल के कामों को लेकर लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा, मोदी के हाथ में ही देश सुरक्षित है। विपक्ष का गठबंधन अभी से बिखरने लगा है। पहले ममता बनर्जी से गले मिलते थे, आज आरोप-प्रत्यारोप हो रहे हैं। उन्होंने कहा, नए चेहरे सामने आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। इसका बेहतर परिणाम सामने आएगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो