scriptबस्तर के चुनावी रण में भाजपा और कांग्रेस के महारथियों ने चलाए शब्दों के तीखे तीर | Lok Sabha CG 2019: BJP Congress attack on each other in Bastar | Patrika News

बस्तर के चुनावी रण में भाजपा और कांग्रेस के महारथियों ने चलाए शब्दों के तीखे तीर

locationरायपुरPublished: Mar 26, 2019 10:18:41 am

Submitted by:

Deepak Sahu

प्रदेश की राजनीति के दो ध्रुवों कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज महारथी सोमवार को बस्तर के मुख्यालय जगदलपुर में थे

congress

बस्तर के चुनावी रण में भाजपा और कांग्रेस के महारथियों ने चलाए शब्दों के तीखे तीर

जगदलपुर/रायपुर. प्रदेश की राजनीति के दो ध्रुवों कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज महारथी सोमवार को बस्तर के मुख्यालय जगदलपुर में थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने दलीय उम्मीदवारों के नामांकन के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों दलों ने सभाएं की और एक-दूसरे के नेताओं और नीतियों पर शब्दों के तीखे तीर छोड़े।

भूपेश बोले- एक चौकीदार चोरों को देश से बाहर भगाते हैं और दूसरे हैं तड़ीपार
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, एक ऐसे चौकीदार हैं, जो चोरों को देश से बाहर भगाते हैं। दूसरे चौकीदार तड़ीपार है, जिसे गुजरात में घुसने की मनाही थी। किसी का नाम लिए बिना मुख्यमंत्री ने कहा, एक चौकीदार जगदलपुर भी पहुंचा है, हम कहते हैं कि ऐसा चौकीदार नान घोटाले में जनता के चावल का पैसा खा गया।

उन्होंने कहा, सीडी कांड की जांच चल रही है तो रमन सिंह को दिन-रात वही दिख रहा है। उनके दामाद फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि रमन सिंह ने केवल अपने परिवार का हित किया है। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार की माओवादियों से निपटने की नीति की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, इस समस्या को केवल गोली से नहीं बातचीत से भी हल किया जाएगा।
लोकसभा चुनाव के बाद माओवादी समस्या पर सभी वर्गों से बातचीत कर हल निकाला जाएगा। उद्योग और आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा, भाजपा ने केदार और दिनेश कश्यप को कचरे में फेंक दिया है। चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस के दीपक बैज दिल्ली में बस्तर की आवाज बनेंगे। भाजपा के सांसद तो संसद में केवल सोते थे। नामांकन के लिए कलक्ट्रेट जाने से पहले कांग्रेस उम्मीदवार दीपक बैज ने सिरहासार चौक स्थित माता दंतेश्वरी के मंदिर पहुंचकर माई का आशीर्वाद लिया।
BJP

भाजपा ने याद दिलाया बस्तर राजमहल का गोलीकांड, बोले- वादों की खुली पोल
बैदुराम कश्यप के नामांकन से पहले भाजपा ने टाउनहॉल में एक सभा कर लोगोंं को कांग्रेस का इतिहास याद दिलाया। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने ही बस्तर राजमहल में गोलीकांड को अंजाम दिया था। इसमें बड़ी संख्या में आदिवासी भाई-बहन मारे गए थे। बस्तर महाराज प्रवीरचंद्र भंजदेव भी इस गोलीकांड का शिकार हुए थे। उन्होंने कहा, यह घटना कांग्रेस की रीति-नीति बताती है।

उन्होंने 15 वर्षों की सरकार में माओवादियों पर लगाम लगाने का भी दावा किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने जनता से झूठा वादा करके विधानसभा का चुनाव जीता। इसकी कलई खुल गई है। तीन महीने में ही राज्य को छह बार कर्ज मांगने की कतार में खड़ा होना पड़ा है। पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राहुल गांधी को चुनाव लडऩे अब केरल जाना पड़ रहा है, उन्हें अमेठी के बजाय पाकिस्तान चले जाना चाहिए। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान पर हमला करते हैं तो उस दौरान पाकिस्तान और कांग्रेस वालों को ही दु:ख होता है। इसलिए मेरा आग्रह है कि राहुल गांधी समेत कांग्रेसियों को पाकिस्तान चले जाना चाहिए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो