बता दें कि मंडला के जिला महासचिव सोनी परोचियां की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी भाग निकले। मध्य प्रदेश पुलिस आरोपी की तलाश में लगी थी। देर रात आरोपियों के रायपुर आने की सूचना मिली।
इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने रायपुर पुलिस से आरोपियों की नाकेबंदी कर गिरफ्तार करने को कहा। इसके बाद रायपुर पुलिस ने गुढ़ियारी इलाके से मयूर यादव और पीयूष मरावी को गिरफ्तार कर लिया। इसकी सूचना मंडला पुलिस को दे दी गई है।
बता दें कि शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को एनएसयूआई (NSUI) के जिला महासचिव सोनू परोचिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह गोलीकांड मंडला के उपनगरीय क्षेत्र महाराजपुर के नजदीक ग्राम पोड़ी में अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश के कारण यह हत्या की गई है।
मंडला पुलिस के मुताबिक महाराजपुर थानांतर्गत गुरूद्वारा के नजदीक शुक्रवार की रात को सोनू परोचिया अपनी दोपहिया वाहन से गुजर रहा था। तभी एक चौपहिया वाहन ने पीछे से टक्कर मारी। इससे सोनू और उसके साथी वाहन से गिर पड़े। इतने में आरोपी हैप्पी यादव आया और सोनू के सीने में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। सोनू की मौके पर ही मौत हो गई।