scriptईडी कार्रवाई को लेकर मंत्री टीएस सिंहदेव और पूर्व मंत्री मूणत के बीच सियासी जुबानी वार | Political war minister TS Singh Deo and BJP Moonat on ED action | Patrika News
रायपुर

ईडी कार्रवाई को लेकर मंत्री टीएस सिंहदेव और पूर्व मंत्री मूणत के बीच सियासी जुबानी वार

– मंत्री सिंहदेव ने कहा, क्या भाजपा में कोई भ्रष्ट नहीं, विपक्ष पर कार्रवाई क्यों – पूर्वमंत्री मूणत ने कहा, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो रही तकलीफ क्यों

रायपुरDec 04, 2022 / 09:14 pm

CG Desk

ईडी कार्रवाई को लेकर मंत्री टीएस सिंहदेव और पूर्व मंत्री मूणत के बीच सियासी जुबानी वार

ईडी कार्रवाई को लेकर मंत्री टीएस सिंहदेव और पूर्व मंत्री मूणत के बीच सियासी जुबानी वार

रायपुर. ईडी की कार्रवाई को लेकर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव और पूर्व मंत्री राजेश मूणत के बीच सोमवार को सियासी जुबानी वार चला। मंत्री ने ईडी की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा, क्या भाजपा में कोई भ्रष्ट नहीं है। भाजपा से जुड़े लोगों की ईडी जांच क्यों करती है। ये कोई मानेगा क्या कि भाजपा के लोग भ्रष्टाचार से जुड़े नहीं हो सकते हैं। केवल विपक्ष के लोगों की ही जांच क्यों हो रही है।

उन्होंने कहा, देश की संवैधानिक एजेंसी जिसे में हम ईडी कहते हैं, आईटी कहते हैं ये किस भावना से कार्रवाई कर रही हैं। द्वेष की भावना से या वाकई कहीं गलती की जांच हो रही है। द्वेष की भावना ने अनावश्यक परेशान कर राजनीतिक फेरबदल करने की कोशिश पहले भी की गई है। ये कामयाब भी हुए, ये गलत है। जो भी कानूनी रूप से गलत हो उसपर कार्रवाई करें कौन रोकेगा।

मंत्री सिंहदेव के बयान का पलटवार करते हुए पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा, भ्रष्ट अधिकारियों और व्यापारियों पर अगर केंद्रीय जांच एजेंसियां सबूतों के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं तो कांग्रेस को तकलीफ क्यों हो रही है? उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं है, क्या वे नहीं चाहते कि भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो? अगर आप भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं तो आपको ईडी को जांच में सहयोग करना चाहिए। मूणत ने कहा, भ्रष्टाचार के खिलाफ तो सारा देश कार्रवाई चाहता है। भ्रष्टाचार के कारण विकास के कार्य तथा जनता के हित प्रभावित होते हैं। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बजाए उनके बचाव में आगे आती है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो