पलारी। थाना क्षेत्र के ग्राम मुसवाडीह निवासी एक विवाहिता की आग से जलने से मौत हो गई। घटना सोमवार की शाम की है। जलने का कारण अज्ञात है। घटना की सूचना पुलिस को मृतका के पति ने दी। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विवेचना कर रही है।
मृतका के परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक रेखा (27) की आग से जलने से मौत हुई है। पुलिस ने बताया कि महिला की मिट्टी के तेल से आग लगने की वजह से मौत हुई है। मामले में परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। रात हो जाने की वजह से न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष मंगलवार को बयान लेकर पंचनामा आदि की कार्रवाई की जाएगी। मृतका के पति ने बताया कि वो मजदूरी का काम करता है। घटना के समय घर में उसकी पत्नी, 2 बच्चे व उसकी बुजुर्ग मां थी। मृतका की कुछ समय से मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी। उसने घर के अंदर अपने ऊपर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली व जलते अवस्था मे घर के बाहर रोड तक आई। तभी उसकी सास ने देखा और घर से पानी लाकर आग बुझाई। मृतका को 108 एम्बुलेंस से पलारी हॉस्पिटल लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका का मायका ग्राम जारा है। उसके मायके वालों को भी पुलिस द्वारा सूचना दे दी गई है।