scriptपुजारा-गंभीर जैसे बैट्समैन को पीछे छोड़ा छत्तीसगढ़ के आशुतोष ने | Ranji trophy: Chhattisgarh player who beat Pujari and Gambhir in cric | Patrika News

पुजारा-गंभीर जैसे बैट्समैन को पीछे छोड़ा छत्तीसगढ़ के आशुतोष ने

locationरायपुरPublished: Nov 23, 2017 07:48:54 pm

रणजी ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ का सफर भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन बैट्समैन आशुतोष सिंह ने बल्लेबाजी के दम पर प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई है।

Ranji player
अनुपम राजीव राजवैद्य@रायपुर : रणजी ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ का सफर भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन बैट्समैन आशुतोष सिंह ने बल्लेबाजी के दम पर प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई है। टीम इंडिया के सदस्य रहे चेतेश्वर पुजारा और गौतम गंभीर जैसे इंटरनेशनल क्रिकेटरों को छत्तीसगढ़ के आशुतोष ने रन बनाने के मामले में पीछे छोड़ दिया है।
रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में छठे दौर के मैचों के बाद सर्वाधिक रन बनाने में कर्नाटक के बल्लेबाज मयंक अग्रवाल टॉप पर हैं। मयंक ने ८ पारियों में ७५७ रन बनाए हैं। रणजी के टॉप-२० स्कोरर में चेतेश्वर पुजारा, गौतम गंभीर, सुरेश रैना जैसे नामी क्रिकेटर शामिल नहीं हैं। आशुतोष सिंह ने टॉप-२० में जगह बनाई है, वह १५वें स्थान पर रहे। सौराष्ट्र टीम के कप्तान चेतेश्वर पुजारा २१वें और दिल्ली टीम के स्टार क्रिकेटर गौतम गंभीर ३८वें स्थान पर हैं।
आशुतोष सिंह के ४६७ रन
आशुतोष सिंह ने इस रणजी ट्रॉफी सीजन में १० पारियों में दो शतक जमाकर ४६.७० की औसत से ४६७ रन बनाए। वह फिलहाल १५वें स्थान पर हैं। मुंबई टीम से खेलने वाले युवा सनसनी पृथ्वी शॉ ८ पारियों में ४७० रन बनाकर १४वें स्थान पर हैं। चेतेश्वर पुजारा ने ५ पारियों में ४३७ रन तो गौतम गंभीर ने ६ पारियों में ३७१ रन बनाए हैं।
चौका जडऩे वालों में ८वां नंबर
रणजी ट्रॉफी में अब तक खेले गए मैचों में सर्वाधिक चौका जडऩे वाले क्रिकेटरों में आशुतोष सिंह का ८वां नंबर है। आशुतोष ने छह मैचों में ६५ चौके और २ छक्के लगाए हैं। मयंक अग्रवाल ८६ चौके मारकर टॉप पर हैं। वहीं, सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले खिलाडिय़ों में आशुतोष १०वें स्थान पर हैं। आशुतोष ने ३ अर्धशतक लगाए हैं।
छत्तीसगढ़ के पहले शतकवीर
आशुतोष सिंह रणजी ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ के लिए शतक लगाने वाले पहले क्रिकेटर हैं। छत्तीसगढ़ ने पिछले सीजन में रणजी ट्रॉफी में डेव्यू किया था। छत्तीसगढ़ ने ६ अक्टूबर २०१६ को त्रिपुरा के खिलाफ रांची में खेला गया पहला रणजी मुकाबला जीत कर इतिहास रच दिया था। आशुतोष सिंह ने भी डेव्यू मैच में शतक (१४० रन) लगाया और मैन ऑफ द मैच चुने गए थे।
तीन शतक दर्ज हैं खाते में
अंबिकापुर में जन्मे आशुतोष सिंह ने अपने क्रिकेट कॅरियर की शुरुआत मध्यप्रदेश टीम से की। वह मप्र के लिए अंडर-१६, अंडर-१९ और अंडर-२२ टूर्नामेंट में खेल चुके हैं। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ को मान्यता मिलने के बाद वह टीम छत्तीसगढ़ में शामिल हुए। रणजी ट्रॉफी में आशुतोष सिंह ने अब तक १५ मैच खेले हैं। उन्होंने २५ पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए ९६७ रन बनाए हैं। इसमें तीन शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो