राहत की खबर : प्रदेश में एक-दो जिलों पर बारिश के आसार
मौसम विभाग ने जताया अनुमान : हल्की वर्षा के साथ बिजली गिरने की भी आशंका

रायपुर . चिलचिलाती गर्मी के महीने में कुछ राहत मिलने के आसार हैं। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती हवाओं के असर से मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। इन हवाओं के असर से प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बरसात हो सकती है। प्रदेश में अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई जा रही हैं। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवात का क्षेत्र बना हुआ है। यह 900 मीटर से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक स्थित है। इसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तर इलाकों के एक-दो स्थानों पर आज हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की आशंका है।
आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका
प्रदेश में कल भी एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा अंधड़ चलने की संभावना है। नागपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों का कहना है कि अप्रैल महीने में छत्तीसगढ़ के मौसम में प्राय: ऐसे बदलाव होते रहते हैं। उत्तर भारत से आने वाले शीतकालीन विक्षोभों के प्रभाव से बादल बनते हैं। गरज-चमक होती है। विज्ञानियों का कहना है कि छत्तीसगढ़ में अप्रैल के औसतन 2.6 दिन गरज-चमक होती ही है।
दुर्ग में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
प्रदेश में बुधवार को तापमान अप्रैल के शुरुआती तापमान जैसा औसत ही था। प्रदेश में सबसे अधिक 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दुर्ग में दर्ज हुआ। सबसे कम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज हुआ। राजधानी रायपुर का बुधवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री रहा। इसे माना हवाई अड्डा स्थित केंद्र पर मापा गया। प्रदेश का अप्रैल महीने में सर्वाधिक तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस है। इसे 28 अप्रैल 1980 को जांजगीर में मापा गया था।
रायपुर में 2016 में अप्रैल महीने में 44 डिग्री तापमान पहुंचा था
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, नागपुर से जारी आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल में अब तक राजधानी रायपुर का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस रहा है। 2016 में 22 अप्रैल को अधिकतम तापमान 44 डिग्री रहा। 2017 में 20 अप्रैल को अधिकतम 44.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। 28 अप्रैल 2019 को भी अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस ही मापा गया।
अब पाइए अपने शहर ( Raipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज