scriptशबरी मार्ट से छत्तीसगढ़ की महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर, ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के अंतर्गत की गई शुरुआत | Shabari Mart will make women of Chhattisgarh self-reliant | Patrika News

शबरी मार्ट से छत्तीसगढ़ की महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर, ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के अंतर्गत की गई शुरुआत

locationरायपुरPublished: Sep 09, 2020 08:16:34 pm

Submitted by:

Dinesh Kumar

छत्तीसगढ़ की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार कई कदम उठा रही है। बुधवार को ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के अंतर्गत शक्ति महिला ग्राम संगठन रामाराम की ओर से शबरी मार्ट का शुभारंभ किया गया। मार्ट का उद्घाटन प्रदेश के उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने किया।

cg news

शबरी मार्ट से छत्तीसगढ़ की महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर, ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के अंतर्गत की गई शुरुआत

मार्ट का प्रदेश के उद्योग मंत्री कवासी लकमा ने किया उद्घाटन

रायपुर. छत्तीसगढ़ की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार कई कदम उठा रही है। बुधवार को ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के अंतर्गत शक्ति महिला ग्राम संगठन रामाराम की ओर से शबरी मार्ट का शुभारंभ किया गया। मार्ट का उद्घाटन प्रदेश के उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने किया। इस अवसर पर मंत्री लखमा ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि बिहान योजनांतर्गत जिले के अंदरूनी इलाके में ग्रामीण महिलाओं का समूह बनवा कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोडा जा रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आ रहा है। इस दौरान मंत्री ने समूह की महिलाओं से चर्चा की और मार्ट में उत्पादों का अवलोकन किया। समारोह की अध्यक्षता जिला पंचायत सुकमा के अध्यक्ष हरीश कवासी ने किया। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सुकमा के उपाध्यक्ष बोड्डू राजा, जनपद पंचायत सुकमा के अध्यक्ष आयती कलमू, नगर पालिका सुकमा के अध्यक्ष जगन्नाथ साहू, जिला व जनपद पंचायत के सदस्यों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शबरी मार्ट की तारीफ करते हुए समूह की महिलाओं की हौसला अफजाई की।
आगे पढ़े….

दैनिक उपयोग की वस्तुएं मिलेंगी किफायती दर पर
शबरी मार्ट सुकमा जिला मुख्यालय में कलेक्टर निवास के पास खोला गया है। जिले के कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार के लिए छोटी-छोटी वित्तीय मदद देने से स्व सहायता समूह काफी कारगार साबित हो रहे हैं। समूह की महिलाओं ने बताया कि शबरी मार्ट में उनके द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद जैसे शबरी मेडिमिक्स साबुन, शबरी इमली चस्का, शबरी सिनेटरी पेड समेत अनेक दैनिक उपयोग की विभिन्न वस्तुओं का विक्रय किफायती दर पर किया जा रहा है। महिलाओं ने बताया कि पहले तैयार किए गए उत्पादों का विक्रय सरकारी कार्यालयों व हाट-बाजारों में किया जाता था। इसकी बढ़ती मांग को देखते हुए ग्राहकों को एक स्थायी स्थान देने के लिए दुकान प्रारंभ किया गया है। वस्तुओं के आर्डर हेतु मोबाईल नम्बर 700461458 और 7067395016 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो