छत्तीसगढ़ : उपचुनाव में हार ने हाईकमान की बढ़ाई चिंता, मंथन के लिए भाजपा नेता तलब
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत अन्य नेताओं के साथ होगी बैठक
रायपुर
Published: April 28, 2022 01:17:15 am
रायपुर. भारतीय जनता पार्टी को खैरागढ़ उपचुनाव में मिली हार ने भाजपा हाईकमान को चिंता में डाल दिया है। इसके मंथन के लिए हाईकमान ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय और महामंत्री (संगठन) पवन साय को दिल्ली तलब किया गया है। इन सभी से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत अन्य नेताओं के साथ बैठक होगी। खैरागढ़ उपचुनाव में कहां चूक हुई, इस पर मंथन किया गया जाएगा। साथ ही विधानसभा चुनाव-2023 में भाजपा की नैया कैसे पार होगी, इस पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
गौरतलब है कि कांग्रेस के हाथों भाजपा को 20 हजार से अधिक मतों से हार मिली है। इस उपचुनाव में भाजपा को बेहतर परिणाम की उम्मीद थी। लेकिन गहरा झटका झेलना पड़ा। मिशन 2023 के लिए लगातार चल रहे बैठकों के दौर के बीच खैरागढ़ में मिली हार ने भाजपा आलाकमान को चिंता में डाल दिया है। लिहाजा, डेढ़ साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की दशा और दिशा को सुधारने के लिए ही उक्त भाजपा नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। जानकार बताते हैं कि इन नेताओं की राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश के साथ उनकी बैठक हो सकती है।
संगठन में बदलाव की दी थी रिपोर्ट
कहा जा रहा है कि प्रदेश की प्रभारी डी पुरंदेश्वरी और सह प्रभारी नितिन नबीन ने पहले अपनी रिपोर्ट दी थी, जिसमें संगठन में बड़े पैमाने पर बदलाव की जरूरत पर जोर दिया था। प्रदेश प्रभारी ने बस्तर, सरगुजा संभाग के दौरे के बाद यह पाया था कि ज्यादातर जिलों में कामकाज नहीं के बराबर है। संगठन की गतिविधियां ठप पड़ गई है।
राष्ट्रीय महामंत्री ने जताई थी चिंता
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश ने भी इस पूरे विषय पर चिंता जताई थी। इसलिए पार्टी हाईकमान बैठक बुलाई है। चर्चा है कि बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर रोड मैप तैयार किया जा सकता है। साथ ही संगठन में आमूलचूल परिवर्तन पर भी चर्चा हो सकती है। कुछ बड़े नेताओं के कार्यक्रम भी तय किए जा सकते हैं। विशेषकर बस्तर और सरगुजा संभाग को फोकस किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ : उपचुनाव में हार ने हाईकमान की बढ़ाई चिंता, मंथन के लिए भाजपा नेता तलब
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
