रायपुर

किडनी पीड़ित गर्भवती महिला ने बच्चे को दिया जन्म, डॉक्टर बोले – चमत्कार से कम नहीं

महिला ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में बच्चे को जन्म दिया है..

रायपुरMay 12, 2018 / 03:52 pm

चंदू निर्मलकर

रायपुर . छत्तीसगढ़ प्रदेश में पहली बार किडनी पीडि़त एक महिला ने शुक्रवार को 2.3 किलोग्राम वजन के एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया है। जबकि आमतौर पर किडनी पीडि़त महिलाओं द्वारा ऐसा संभव नहीं होता, वहीं डॉक्टर भी रिस्क नहीं उठाते। राजधानी के आंबेडकर अस्पताल के नेफ्रोलॉजी यूनिट और गायनिक विभाग के संयुक्त प्रयास से महिला ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में बच्चे को जन्म दिया है।
नेफ्रोलॉजी यूनिट हेड डॉ. पुनीत गुप्ता ने पत्रिका से चर्चा करते हुए बताया कि रायपुर निवासी मुस्लिम समुदाय की एक महिला किडनी की बीमारी से जूझ रही थी। उन्हें लुपूस नेपराइटिस की दिक्कत थी। यह बीमारी बहुत कम ही लोगों को होती है। इस बीमारी में रोगी के शरीर के अंदर नुकसान पहुंचाने वाला ऐंटीबॉडी निर्मित होता है। ऐसे में इससे पीडि़त महिला स्वस्थ बच्चे को जन्म नहीं दे सकती।

खुशी से छलक गईं महिला की आंखें
लंबे समय तक इलाज के बाद पीडि़त गर्भवती महिला ने शुक्रवार को बच्चे को जन्म दिया। अपना इलाज करने वाले डॉक्टरों के प्रति आभार जताते हुए खुशील से महिला की आंखें भी छलक गईं। इस पूरे अनुभव के बारे में बताते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि किडनी की इस बीमारी की शिकार महिलाएं स्वस्थ बच्चे को जन्म नहीं दे सकती हैं, लेकिन सही इलाज से यह बीमारी ठीक हो सकती है। हमने 9 महीने तक मरीज को इंजेक्शन और अलग-अलग दवाएं दीं। हम जरूरत के मुताबिक दवा की मात्रा को भी नियमित तौर पर बदलते रहे।

महिला ने बच्चे को बचाने के लिए लगाई थी गुहार
चिकित्सकों से बच्चे की जान बचाने महिला ने गुहार लगाई थी। महिला की स्थिति को समझते हुए उन्हें गर्भावस्था के प्रारंभिक दिनों में ही इससे होने वाले नुकसान को बताया गया था, इसके पश्चात महिला के डाइट को कंट्रोल में रखते हुए दवा के माध्यम से 8 माह तक गहन परीक्षण में रखा गया।

महिला किडनी की बीमारी से पीडि़त होने के अलावा गर्भावस्था में थी। ऐसे मरीजों में इंफेक्शन व ब्लड प्रेशर का होना आम बात होती है। महिला की जागरूकता के कारण उन्होंने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया है।
डॉ. पुनीत गुप्ता, नेफ्रोलॉजी यूनिट हेड, अंबेडकर अस्पताल, रायपुर

Home / Raipur / किडनी पीड़ित गर्भवती महिला ने बच्चे को दिया जन्म, डॉक्टर बोले – चमत्कार से कम नहीं

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.