scriptमुख्यमंत्री बोले, पोषण अभियान में तय होगी अफसरों की जिम्मेदारी | The responsibility of officers will be decided in nutrition campaign | Patrika News

मुख्यमंत्री बोले, पोषण अभियान में तय होगी अफसरों की जिम्मेदारी

locationरायपुरPublished: Oct 13, 2019 11:50:18 am

Submitted by:

Rahul Jain

खैरागढ़ में खुलेगा ५० बिस्तरों का अस्पताल- मुख्यमंत्री ने मासिक रेडियो वार्ता लोकवाणी में जनता से किया संवाद- तीसरी कड़ी में स्वास्थ्य तथा मातृ शक्ति पर केन्द्रित योजनाओं की दी जानकारी

मुख्यमंत्री बोले, पोषण अभियान में तय होगी अफसरों की जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री बोले, पोषण अभियान में तय होगी अफसरों की जिम्मेदारी

रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को स्वास्थ्य एवं मातृशक्ति पर आधारित मासिक रेडियो कार्यक्रम लोकवाणी के तीसरे प्रसारण की शुरूआत दाई-बहिनी, सियान-जवान, लइका जम्मो मन ला जय जोहार से की। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति में मातृशक्ति की पूजा की परम्परा का जिक्र कर उनका नमन करते हुए अपनी बात की शुरुआत की। खैरागढ़ में एक श्रोता से स्वास्थ्य सेवाओं के हाल और पोषण पुनर्वास केन्द्र के संचालन पर मिले फीडबेक पर मुख्यमंत्री लोकवाणी में ही कहा कि खैरागढ़ में 50 बिस्तर का अस्पताल खुलेगा और खैरागढ़ सहित पूरे प्रदेश में पोषण पुनर्वास केन्द्रों के सुचारु संचालन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति देश-दुनिया तक विख्यात
मुख्यमंत्री ने लोकवाणी में कहा कि राज्य में हमारी सरकार आने के बाद यहां महिलाओं के हित तथा उत्थान पर विशेष ध्यान देते हुए पहली प्राथमिकता मातृशक्ति को दी गई है।उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में त्यौहारों की एक समृद्ध श्रृंखला है। यहां हरेली, तीजा के बाद इसी माह क्वांर में नवरात्र पर्व भी उत्साह के साथ मनाया गया। प्रदेश के चारों ओर दंतेश्वरी मैया, बम्लेश्वरी मैया, चन्द्रहासिनी दाई, महामाया दाई और गांव-गांव में शीतला मैया, देवी के नौ स्वरूपों की धूमधाम से पूजा-अर्चना की गई। इसी तरह गांव-गांव में रामलीला और आदिवासी अंचल बस्तर में दशहरा पर्व की छटा सहित छत्तीसगढ़ की विविध लोक संस्कृति देश-दुनिया तक विख्यात है। उन्होंने बताया कि, हमने गौरा-गौरी उत्सव और गोवर्धन पूजा को गौठान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है सुपोषण अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुपोषण अभियान बच्चों में कुपोषण दूर करने सहित गर्भवती माताओं तथा शिशुवती माताओं के लिए बहुत फायदेमंद है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 15 से 49 वर्ष की 47 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया से पीडि़त है। १८ साल से, कम से कम 35 साल तक की उम्र तक आमतौर पर गर्भवती माताओं के रूप में महिलाओं को बहुत बड़ी जिम्मेदारी निभानी पड़ती है। यदि 15 से 49 वर्ष तक की महिलाओं में खून की कमी होगी, तो वे अपने परिवार की इस सबसे बड़ी जिम्मेदारी को कैसे निभा पाएंगे। इसे ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार द्वारा समुदाय की समुचित भागीदारी, स्थानीय जनता की रूचि और स्थानीय पोषण सामग्री के उपयोग पर बल दिया गया और पहले की पूरक-पोषण आहार देने की व्यवस्था में आमूल-चूल बदलाव कर प्रदेश भर में सुपोषण अभियान का यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम लागू किया गया है।
हर बसाहट तक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री बघेल ने लोकवाणी के प्रसारण में कहा कि प्रदेश में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य अधोसरंचना को मजबूत बनाया जा रहा है। जिन स्थानों में स्वास्थ्य अधोसंरचना उपलब्ध नहीं है, वहां के निवासियों को इलाज से वंचित न होना पड़े। इसके लिए हमने मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना तथा मुख्यमंत्री शहरी स्लम योजनाÓ की शुरूआत कर दी है। मुख्यमंत्री बताया कि अस्पतालों में अमला बढ़ाने के लिए सैकड़ों नए पद स्वीकृत किए गए है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के लगभग एक हजार 200 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हम वर्ष 2019 में 975 डाक्टरों की भर्ती पूरी कर लेंगे। इसके अलावा 687 स्टाफ नर्सों की भर्ती हो चुकी है और 941 की भर्ती की प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ने लोकवाणी के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से श्रोताओं की भावनाओं से अवगत हुए और उनके सवालों का सरल, सहज भाषा में जवाब भी दिया। इनमें दंतेवाड़ा के पटेलपारा से रमिता ने शासन के सुपोषण अभियान की खुले दिल से सराहना की। सीतामणी से सोमकुंवर चौहान ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को मातृ शक्ति तथा स्वास्थ्य के लिए प्रदेश में चलाई जा रही योजनाओं की प्रशंसा की। बिल्हा-बिलासपुर से रमऊराम जगत, जशपुर से अवधेश पंडा, बेमेतरा से वीरेन्द्र साहू के सवालों पर मुख्यमंत्री ने कुपोषण और एनीमिया दूर करने, टीकाकरण सहित प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे कार्यो की विस्तार से जानकारी दी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो