रोज करते थे हुड़दंग, नींद में पड़ता था खलल उत्तरप्रदेश के गोरखपुर से अपने परिवार के लिए दो पैसा कमाने आए मोहम्मद अहमद को क्या पता था कि मामूली से बात पर उनकी हत्या कर दी जाएगी और वह भी उसके बेटे के सामने ही। अहमद पंडरी तराई में सतीश यादव के मकान में किराए से रहते थे। उनके साथ उनका बेटा फैजान अहमद और सहयोगी प्रदीप यादव भी रहते थे। मकान दो मंजिला था। ऊपर मोहम्मद अहमद और नीचे के हिस्से में खरोरा का देवनारायण विश्वकर्मा, उसकी पत्नी सरिता और बेटा अजय विश्वकर्मा उर्फ सोनू और मोहन विश्वकर्मा उर्फ मोनू रहते हैं। इन्हीं के साथ सूरूज जलक्षत्री का परिवार भी एक हिस्से में रहता है। रात में अक्सर अजय, मोहन, सूरूज का बेटा राजेंद्र अपने साथियों के साथ मकान की छत पर शराब पीते थे। इस दौरान देर रात तक हल्ला करते थे। इससे मोहम्मद अहमद के कमरे तक आवाज आती थी। इससे वे सो नहीं पाते थे। अहमद उन युवकों को ऐसा करने से मना करते थे। पहले भी तीन बार उन लोगों को मना कर चुके थे और उस समय भी सामान्य विवाद होता था।
शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 3 बजे सोनू, मोनू, राजेंद्र और उनका साथी कोमल निर्मलकर फिर छत में चढ़ रहे थे। अहमद ने उन्हें टोका, तो सभी ने मिलकर उन पर हमला करना शुरू कर दिया। अहमद, फैजान और प्रदीप ने भी उनका विरोध करते हुए मारपीट की। इस बीच देवनारायण, उनकी पत्नी सूरूज भी पहुंच गए और चाकू व ईंट से उन पर हमला कर दिया। अहमद पर उसके बेटे के सामने ही चाकू से कई वार किए गए। प्रदीप व फैजन को भी चाकू मारा गया। अहमद को गंभीर चोटें आईं। इससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर देवेंद्र नगर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या व हत्या की साजिश सहित अन्य धाराओं पर अपराध दर्ज किया है।
घर से निकला और हो गई हत्या कबीर नगर इलाके में एक युवक सुबह तड़के नित्यकर्म के लिए निकला था। इस दौरान तालाब किनारे अज्ञात लोगों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक हीरापुर में नकटा तालाब के पास रहने वाला 30 वर्षीय मुकेश ध्रुव शनिवार की सुबह करीब 4 बजे नित्यकर्म के लिए निकला। इस दौरान तालाब के किनारे अज्ञात लोगों ने पीछे से उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर में दो संघातिक वार किया। इससे मुकेश मुंह के बल तालाब में ही गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। इसे बाद आरोपी भाग निकले। सुबह करीब 6 बजे मोहल्ले के अन्य लोग तालाब गए, तब हत्या का पता चला। मृतक का मोबाइल मौके पर ही मिला है। कबीर नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों का अब तक पता नहीं चल पाया है।