रिजल्ट के बाद नदी में लगा दी छलांग
फेल होने के कारण एक छात्र ने नदी में छलांग लगा दी, जिसका अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। मिली जानकारी के मुताबिक भाटापारा के सेमरिया घाट पुल से छात्र ने शिवनाथ नदी में छलांग लगाई है। बताया जा रहा है रिजल्ट में फेल होने से आहत होकर प्राण घातक कदम उठाया है। बच्चा कक्षा 12वीं का छात्र था। छात्र का नाम कुशल साव बताया जा रहा। घटना की सूचना पर भाटापारा ग्रामीण पुलिस सहित अधिकारी सेमरिया घाट पहुंचे। गोताखोर की टीम छात्र को खोजने में जुटी है। पूरा मामला भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र का है।
कमरे में लटकी मिली लाश
वहीँ दूसरा मामला राजधानी के विधानसभा क्षेत्र का बताया जा रहा है। विधानसभा थाने की पुलिस इस सुसाइड केस की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन इसे भी रिजल्ट से जोड़ कर देखा जा रहा है। स्टूडेंट का नाम ऋचा मिश्रा था जो 12वीं कक्षा में पढाई कर रही थी। शुक्रवार को ही 12वीं CBSE के परिणाम आए। हालांकि अब तक परिजनों ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि छात्रा का रिजल्ट क्या रहा। क्या वो रिजल्ट की बात से ही परेशान थी।
पिता गए थे दिल्ली
सुसाइड करने वाली छात्रा ऋचा के पिता अरविंद मिश्रा छत्तीसगढ़ विधानसभा में काम करते है। वो अपने किसी काम से दिल्ली गए थे। बेटी की मौत की खबर सुनकर लौटे। ऋचा की लाश कमरे में दुपट्टे से बने फंदे पर लटकी हुई थी। घर पर मां और बाकि परिवार के सदस्य थे जिन्होंने पुलिस को खबर दी। अब शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद ऋचा का शव पुुलिस घरवालों को सौपेगी। पुलिस ऋचा के दोस्तों से भी पूछताछ करेगी।