
Vikram usendi
रायपुर. भाजपा राष्टीय अध्यक्ष अमित शाह ने सांसद और पूर्व मंत्री विक्रम उसेंडी को छत्तीसगढ़ भाजपा का नया प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है। राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह ने पत्र जारी करके उनकी नियुक्ति की घोषणा की है।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने उनकी नियुक्ति पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदिवासियों के बीच बेहतर काम करने व सत्ता व संगठन में अपनी अलग पहचान बनाने वाले विक्रम उसेंडी संगठन को मजबूत करने के लिए बेहतर कार्य करेंगे।
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि सांसद विक्रम उसेंडी सदैव आम जनों के बीच लोकप्रिय रहे हैं। उनके सांगठनिक अनुभवों का लाभ हम सबको मिलेगा। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सांसद विक्रम उसेंडी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के आशीर्वाद व स्नेह की वजह से मैं प्रदेश संगठन के सर्वोच्च पद तक पहुंचा हूं। अब हमारा लक्ष्य केवल देश के प्रखर व पराक्रमी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को फिर से दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान देना है।
जानिए विक्रम उसेंडी का राजनीतिक सफर
कांकेर जिले के अंतागढ़ के बोंदानार गांव में जन्मे विक्रम उसेंडी नब्बे के दशक में शिक्षक के पद से इस्तीफा देकर राजनीति में आए। वे 1993 में अविभाजित मध्यप्रदेश के नारायणपुर विधानसभा से पहली बार विधायक चुनकर भोपाल पहुंचे। इस दौरान युवा मोर्चा के विभिन्न सांगठनिक पदों पर रहते हुए संगठन को मजबूत करने में जुटे रहे।
छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद 2003 में फिर से विधायक निर्वाचित हुए और शिक्षा मंत्री बनाए गए। इसके बाद बस्तर विकास प्राधिकरण के 2004 से 08 तक अध्यक्ष रहे। 2008 में अंतागढ़ विधानसभा से निर्वाचित होकर 2013 तक छत्तीसगढ़ सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए गए। 2013 के विधानसभा चुनाव में जीत कर विधानसभा पहुंचे।
2014 लोकसभा चुनाव में कांकेर लोकसभा से विजयी होकर सांसद निर्वाचित हुए। 2002 में कांकेर जिला के भाजयुमो के अध्यक्ष भी रहे। 1997-98 में मध्यप्रदेश विधायक दल का क्यूबा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन में शामिल हुए। अभी उसेंडी छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष है।
Updated on:
08 Mar 2019 09:02 pm
Published on:
08 Mar 2019 08:57 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
