रायपुर

नियमित उड़ान की दरकार!

जगदलपुर क्षेत्रीय विमान सेवा फिर शुरू

रायपुरAug 17, 2018 / 07:21 pm

Gulal Verma

नियमित उड़ान की दरकार!

रायपुर- जगदलपुर क्षेत्रीय विमान सेवा फिर शुरू हो रही है। यह सेवा अगर निर्बाध रूप से चले तो ही प्रदेश का भला है। बहुत शोर-शराबा और घोषणाओं के बाद यह जरूरी विमान सेवा शुरू की गई थी। किंतु, बीच में यह दो बार विभिन्न कारणों से बाधित हो चुकी है। यह बताया जा रहा है कि सभी तकनीकी कमियां दूर कर ली गई हैं और उसके बाद ही सेवा फिर शुरू हो रही है। यह स्वागतयोग्य है। बशर्ते, विमान सेवा नियमित होने के साथ ही टिकट दर वाजिब और यात्री सुविधाएं उत्कृष्ट हों। कुछ दिन चलाने के बाद विमान सेवा बंद कर देना न तो प्रदेश के हित में है और न ही यहां के हवाई यात्रियों के। जगदलपुर और रायपुर के बीच की सड़क मार्ग की दूरी 285 किलोमीटर है। हवाई यात्रा से समय की बचत होती है। इससे उद्योगपति, व्यापारी, नौकरशाह, धनिक व अन्य वर्ग सहित सामान्य नागरिक भी लाभान्वित होंगे।
छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर दौड़ रहा है। जिस तेजी से प्रदेश औद्योगिकीकरण का हब बनता जा रहा है, उसी तेजी से शहरीकरण का जाल भी फैल रहा है। ज्यादातर शहर एक-दूसरे से सड़क मार्ग से जुड़े हुए हैं। कई शहर रेलमार्ग से भी जुड़े हैं। लेकिन अफसोसनाक है कि न सड़क मार्ग सुविधाजनक व आरामदायक हैं और न ही रेल मार्ग। किसी मार्ग पर सड़कें बदहाल हैं तो किसी मार्ग पर यातायात का भारी दबाव। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए भारी कष्ट सहन करना पड़ता है। रही बात रेल सेवा की तो भारतीय रेल की लेटलतीफी जगजाहिर है। विडंबना है कि विमानन कंपनियां तक उत्कृष्ट सेवाएं नहीं दे पा रही हैं। लेटलतीफी और उड़ानें रद्द होने ने हवाई यात्रियों को भी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।
अंतरराज्जीय उड़ानों के अंतर्गत एयर ओडिशा को विशाखापट्टनम में लैंडिंग और टेकऑफ की अनुमति मिलने से अब रायपुर से यात्रियों को जगदलपुर के जरिए विशाखापट्टनम की सुविधाएं मिलने लगी। ऐसे में हवाई यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान और अधिकारियों पर कड़ी निगरानी रखनी चाहिए, ताकि पता चले कि जो सुविधा दी जा रही है, उनमें कितनी खामियां हैं। छत्तीसगढ़ में जो विमान सेवा शुरू हुई है, उसका विस्तार होना चाहिए। प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों को विमान सेवा से जोडऩे की जरूरत है। तभी शायद लोगों के समय और धन की बचत होगी। उद्योगपति व व्यापारी वर्ग ही नहीं, प्रदेश के आम लोग भी यही चाहते हैं। साथ ही जगदलपुर और रायपुर के बीच में रेल जुड़ाव का कार्य भी तेजी से होना चाहिए।
बहरहाल, प्रदेश के शहरों के बीच विमान सेवा नियमित और सस्ती हो, ताकि हवाई सफर सुलभ व सस्ता हो सके। विमान की उड़ानें अनियमित और टिकट दर अधिक होगी, तो विमान सेवा सफल कैसे होगी?
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.