scriptजंगल में अवैध रूप से पेड़ काट कर बना डाले खेत | Farm illegally cut down trees in the forest | Patrika News

जंगल में अवैध रूप से पेड़ काट कर बना डाले खेत

locationरायसेनPublished: Sep 17, 2020 11:58:11 pm

भू-माफिया अब खेती करने लगे, वन विभाग के अधिकारियों को ये खेत दिखाई नहीं दे रहे

जंगल में अवैध रूप से पेड़ काट कर बना डाले खेत

जंगल में अवैध रूप से पेड़ काट कर बना डाले खेत

सुल्तानगंज. वैसे तो तहसील भर में जंगल में पेड़ों की अवैध कटाई की जा रही है। मगर सबसे ज्यादा कटाई सुल्तानगंज सहायक वन परिक्षेत्र के जंगलों में हो रही है। जिसे देवलापुर, केशलोन खड्डर, मेहंदी, खजुरिया गुसांई, मडिंया गुसाई, टेकापार, मरखेड़ा गुलाब, सुल्तानगंज, उमरहारी आदि के जंगलों में देखी जा सकती है। जहां कल तक जंगल के हरे-भरे पेड़ हुआ करते थे। वहां आज भू-माफियाओं के खेत बन चुके हैं। यहां से होकर गुजरने वाले हर व्यक्ति को अब ये खेत दिखाई देते हैं, लेकिन वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों को नजर नहीं आते।
इस वजह से जंगलों का सफाया किए जाने का सिलसिला लगातार चल रहा है। भू-माफियाओं द्वारा जंगल काटकर बनाए गए खेतों में आज भी धौए, छौलिया, तेंदू आदि के कई पेड़ मौके पर नजर आ रहे हैं। वहीं वन विभाग के अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी कोई कार्रवाई नहीं करते। इस वजह से भू-माफि याओं के हौसले बुलंद होते जा रहे है।
हर साल घट रहा जंगल, बड़े हो रहे खेत
जंगल का विनाश किए जाने की वजह से तहसील का विशाल जंगल ना सिर्फ मैदानों में तब्दील होता जा रहा है। बल्कि इसका ऐरिया भी कम होता जा रहा है। लोग अब धीरे-धीरे जंगल की जमीन को खेत बनाकर खेती कर रहे। इस वजह से जंगल का क्षेत्र दिनों-दिन कम होता जा रहा है। देवलापुर ग्राम वन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बुंदेला ने वन विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा उनके ग्राम के जंगल में प्रकाश पिता चित्तर ठाकुर, मोहन पिता ग्यारसी ठाकुर, शंकर पिता चित्तर ठाकुर ने एक वर्ष के अंदर सैकड़ों सागौन के इमारती पेड़ काटकर करीब 20 एकड़ जगह पर खेत बनाकर सोयाबीन की फ सल बोई है। जिस समय यह लोग पेड़ काट कर खेत बना रहे थे, उस समय मैंने वन विभाग को सूचित किया। इसके बावजूद अधिकारियों ने कोई कार्यवाही नहीं की, जिससे यहां के हालात बदल गए।
– तहसील भर में अभियान चलाकर वन में अवैध कब्जों को हटाया जाना है। मगर उसके लिए हाईकोर्ट के निर्णय का विभाग को इंतजार है। वर्तमान में जो लोग वनों को नुकसान पहुंचाकर अवैध कब्जे कर रहे हैं। उनके लिए एक विशेष दल का गठन करके मौके पर भेजकर अवैध कब्जे हटवाए जाएंगे।
-जितेंद्र तोमर, रेंजर बेगमगंज।

ट्रेंडिंग वीडियो