आशीर्वाद की उम्मीद, मिली चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
रायसेनPublished: Sep 20, 2023 09:49:11 pm
रायसेन पहुंची जन आशीर्वाद यात्रा, सागर रोड पर महिलाओं ने किया प्रदर्शन।


आशीर्वाद की उम्मीद, मिली चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
रायसेन. जन का आशीर्वाद लेने रायसेन पहुंची जन आशीर्वाद यात्रा को चुनाव के बहिस्कार की चेतावनी मिली। बुधवार को रायसेन में सभा के बाद गैरतगंज की ओर निकली यात्रा के सामने रॉयल सिटी कॉलोनी की महिलाओं ने बेनर पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लिए खड़ी हुई महिलाओं ने कॉलोनी में पानी, बिजली और सडक़ की मांग की। बेनर पर लिखा था कि पानी, बिजली, सडक़ नहीं तो वोट नहीं।
जनआशीर्वाद यात्रा में शामिल ग्रह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा रथ पर सवार थे। अचानक इस तरह महिलाओं के सामने आने और चुनाव बहिस्कार की चेतावनी देने से नेता असहज नजर आए। अधिकारियों ने किसी तरह महिलाओं को समझाकर सडक़ के किनारे किया और राकेश शर्मा ने ज्ञापन लेकर उनकी समस्याओं का जल्द निराकरण करने का भरोसा दिलाया।
पाकिस्तान से प्यार सनातन से इंकार
सांची से होते हुए रायसेन पहुंची जन आशीर्वाद यात्रा की पहली सभा महामायाचौक पर हुई। जिसे संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस लिखित में झूठ बोलने वाली पार्टी हे। जिसने 2018 के चुनाव में किसानों का दो लाख का कर्ज माफ करने और बेरोजगारों को 15 हजार रुपए महीना देने का वादा किया था, लेकन वह पूरा नहीं किया। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस को पाकिस्तान से प्यार और सनातन से इंकार है। दिग्वजय सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका पाकिस्तान प्रेम जग जाहिर है। कांग्रेस मुस्लिम समाज को भाजपा का डर दिखाकर राजनीति करती है। शायराना अंदाज में कहा कांग्रेस की सियासत का इतना फसाना है, बस्ती भी जलाना है और मातम भी मनाना है।
सभा को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी, प्रदेश महामंत्री रणवीर यादव, नपाध्यक्ष सविता सेन, जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर यात्रा के जिला प्रभारी सुरेंद्र तिवारी, वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह कुशवाह, जमना सेन, राकेश तोमर, ब्रजेश चतुर्वेदी, मनोहर मेहरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
महामाया चौक पर हुई सभा के दौरान एक चौथाई कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। बेहद गर्मी के कारण भी लोग शामियाना के नीचे आकर बैठने से कतराते रहे। कई कार्यकर्ता भी आस-पास की दुकानों में बैठे नजर आए।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को किया नजरबंद
यात्रा के रायसेन पहुंचने के लगभग दो घंटे पहले एनएसयूआई कार्यकर्ता काले झंडे लेकर सागर तिराहा पर पहुंचे। वे यात्रा का विरोध करने और काले झंडे दिखाने की तैयारी में थे। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने उन्हे पकड़ा और वाहन में बिठाकर ले गई। यात्रा के शहर से बाहर जाने तक उन्हे नजर बंद रखा गया।
ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा कि 2018 में चुनाव होता है तो इंजीनियरिंग कॉलेज की घोषणा की जाती है और उप चुनाव में वेटनरी कॉलेज की घोषणा की गई, लेकिन आज तक उनका कोई अता पता नहीं है। वहीं आगामी विधानसभा चुनाव में अब एक और घोषणा की गई है कि मेडीकल कॉलेज बनाया जाएगा। जनता के साथ सिर्फ छल कपट किया जा रहा है।
------------------