रायसेन

खेत से घर लौट रही बच्ची पर तेंदुए का हमला, गंभीर हालत में भोपाल रैफर

बीते माह भी सतकुंडा के जंगल में एक बच्ची को उठा ले गया था तेंदुआ

रायसेनMar 14, 2021 / 12:54 am

Bharat pandey

खेत से घर लौट रही बच्ची पर तेंदुए का हमला, गंभीर हालत में भोपाल रैफर

रायसेन। रायसेन के पश्चिम वन परिक्षेत्र के बड़ोदा छातई के जंगल में शनिवार शाम को खेत से घर वापस जाते समय एक 10 वर्षीय बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे बच्ची गंभीर घायल हो गई। बच्ची का जिला चिकित्सालय में प्रथमिक उपचार कर भोपाल रैफर किया गया है। बच्ची का इलाज करने वाले डॉ शैलेंद्र झारिया ने बताया कि तेंदुआ ने बच्ची को गले पर पकड़ा था, जिससे उसके गले पर सामने और पीछे गहरे घाव आए हैं। सामने के घाव पर टांके लगा दिए हैं, लेकिन पीछे की तरफ आए घाव गंभीर हैं, इसलिए उसे भोपाल रैफर किया गया है।

बताया जाता है कि बच्ची पूजा पुत्री लखन बंजारा खेत से अपने घर वापस लौट रही थी, इसी बीच जंगल से निकले तेंदुआ ने उस पर हमला कर दिया। आस-पास ही परिजन थे, उनके द्वारा गदर करने पर तेंदुआ बच्ची को छोड़ जंगल में भाग गया। उल्लेखनीय है कि बीते माह भी सतकुंडा के जंगल में एक बच्ची को तेंदुआ उठा ले गया था बाद में बच्ची का शव मिला था।

नाले में दिखा तेंदुआ, राहगीर ने बनाया वीडियो, लोगों की आवाज सुन जंगल में भागा
वन मंडल औबेदुल्लागंज वन परिक्षेत्र गोहरगंज के अंतर्गज 34 मील के आगे एक तेंदुआ नाले में बैठा देखा गया। इसका एक राहगीर ने वीडियो भी बनाया है। सडक़ पर लोगों की आवाज से तेंदुआ जंगल में भाग गया। अक्सर इस क्षेत्र में तेंदुए आते जाते हैं। कभी भी जानमाल का कोई नुकसान हो सकता है। वन विभाग को भी जानकारी है, लेकिन कोई उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है। यहां ग्रामीणों का आना जाना रहता है।

 

इधर, सिंघोरी अभयारण्य में मिला तेंदुए का शव
बाड़ी. सिंघोरी अभयारण्य क्षेत्र के पाटनी और सिरवारा के बीच जंगल में शनिवार को एक तेंदुआ का शव पड़ा मिला है। शव कितना पुराना है यह कहना मुश्किल है। जंगल में तेंदुआ का शव मिलने की जानकारी पर वन अमला मौके पर पहुंचा, लेकिन इस मामले में जानकारी देने से विभाग के अधिकारी बचते रहे। यहां तक कि तेंदुआ के शव का फोटो भी नहीं करने दिया। ग्रामीणों ने तेंदुआ का शव पड़ा होने की सूचना वन विभाग को दी। इसके बाद रेंजर नीरज शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने मोबाइल रिसीव नहीं किए। मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मियों ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में वीडियो बनाए तो उन्हें भी वन अमले ने डिलीट करवा दिए। बताया जाता है कि शव दो से तीन दिन पुराना है। अभी तेंदुए की मौत का खुलासा नहीं हो सका है।

Home / Raisen / खेत से घर लौट रही बच्ची पर तेंदुए का हमला, गंभीर हालत में भोपाल रैफर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.