scriptनगर पालिका चुनाव 2022: यहां 87 प्रत्याशियों में 45 महिला प्रत्याशी | Patrika News

नगर पालिका चुनाव 2022: यहां 87 प्रत्याशियों में 45 महिला प्रत्याशी

locationरायसेनPublished: Jun 25, 2022 03:00:20 pm

– परिषद में होगा महिलाओं का दबदबा, पुरुषों से ज्यादा महिलाएं मैदान में
– 13 वार्ड हैं महिलाओं के लिए आरक्षित

civil_election_2022_in_madhya_pradesh.png

रायसेन(मंडीडीप)। शहर सरकार के लिए हो रहे चुनाव में इस बार महिलाओं का दबदबा साफ नजर आ रहा है। प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा-कांग्रेस ने महिलाओं को आरक्षित वार्डों से ज्यादा वार्डों में महिला प्रत्याशी उतारकर सभी को चौका दिया है। नपा के 26 में से 13 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित थे, लेकिन भाजपा 16 और कांग्रेस ने 15 वार्डों में महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है। कुल नपा के 26 वार्डो में कुल 87 प्रत्याशी मैदान में हैं इसमें से 45 प्रत्याशी महिलाएं हैं।

अध्यक्ष पद महिला अनारक्षित होने से बनी स्थिति
शहर में छठवीं नगर पालिका परिषद के लिए अध्यक्ष का पद महिला के लिए आरक्षित हुआ है, यही बजह है कि राजनीतिक दलों ने आरक्षित वार्ड के अलावा सामान्य और पिछड़ा वर्ग अनारक्षित वार्डों से भी महिला को मैदान में उतार दिया है।

इन वार्डों में महिला प्रत्याशी
नपा के वार्ड आरक्षण में वार्ड 03, 05, 06, 08, 09, 11, 14,17, 18, 19, 21, 23 और 25 अलग-अलग वर्ग में महिलाओं के लिए आरक्षित थे, लेकिन भाजपा ने सामान्य अनारक्षित वार्ड 01 और 15 और पिछड़ा वर्ग पुरुष अनारक्षित वार्ड 12 से महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है, वहीं कांग्रेस ने वार्ड 01 तथा वार्ड 10 से महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है। यह वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।

प्रत्याशियों का चयन मतदाताओं की स्वीकार्यता, जीत की संभावनाओं को देखते हुए किया है, अगर मातृशक्ति ज्यादा है तो अच्छी बात है।

– दीपेश मीना, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष

पार्टी ने अनारक्षित वार्डो से सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं को अपना प्रत्याशी बनाया है, इसलिए आरक्षित वार्डों से ज्यादा संख्या हो गई।
– राजेन्द्र अग्रवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा

नेता पत्नियों को मिला ज्यादा मौका
नपा चुनाव में भले ही महिला प्रत्याशी की संख्या अधिक हो, पर सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं की बात करें तो यह संख्या नगण्य है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने ज्यादातर वार्डों में नेता पत्नियों को ही प्रत्याशी बनाया है।

इसमें भाजपा में पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल की पत्नी प्रियंका अग्रवाल, जिला मंत्री प्रेम शंकर साहू की पत्नी पुष्पा साहू, जिला उपाध्यक्ष अरविंद जैन की पत्नी नीतू जैन, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुशील शर्मा की पत्नी अर्चना शर्मा, वार्ड 17 पार्षद रहे राकेश लोवंशी की पत्नी दुर्गेश नंदनी हैं। कांग्रेस भी इस मामले में पीछे नहीं है, वार्ड 3 से पूर्व नपा अध्यक्ष बद्री सिंह चौहान की पत्नी सविता चौहान, वार्ड 06 से ब्लॉक अध्यक्ष दीपेश पत्नी सुनीता मारना, वार्ड 5 से पार्षद अख्तर अली की पत्नी अनीस और वार्ड 09 से पार्षद रहे शाहिद अली की पत्नी जाहिदा बनो को प्रत्याशी बनाया है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो