scriptचुनाव का तरीका बदलते ही बदल गए अध्यक्ष पद के समीकरण, अब निकाय अध्यक्ष दावेदार भी वार्डों में तलाश रहे हैं अपनी जमीन | Patrika News

चुनाव का तरीका बदलते ही बदल गए अध्यक्ष पद के समीकरण, अब निकाय अध्यक्ष दावेदार भी वार्डों में तलाश रहे हैं अपनी जमीन

locationरायसेनPublished: Jun 04, 2022 05:26:09 pm

– बदल गए अध्यक्ष पद के समीकरण
– रायसेन नगर पालिका अध्यक्ष का पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित

raisen.png

रायसेन। मजा तो सीधे चुनाव में ही आता, अध्यक्ष के दावेदार सुबह से शाम तक पूरे नगर में हाथ जोड़कर घूमते नजर आते। निठल्लों की भी पूछ परख बढ़ जाती। कम से कम हर घंटे मुफ्त की चाय ही मिलती। भैया जी, दादा जी, चाचाजी जैसे मिश्री घोलते शब्द कानों में पड़ते। जो कभी अकड़ कर सामने से निकल जाते थे, वो भी कमर को कमान करते नजर आते।

शिवराज ने अच्छा नहीं किया, सालों में एक बार मिलने वाला सम्मान और वोट का रुतबा वार्ड तक ही सीमित कर दिया। ऐसे वाक्य और शब्द चाय की दुकानों पर सुनाई दे रहे हैं। मौसम चुनाव का है और इस मौसम में आम आदमी के अंदर का आदमी जाग जाता है। लिहाजा अब डेढ़ माह ऐसी चर्चाएं सुनाई देना लाजमी है।

लड़ाकुओं के लिए भी चुनौती
नगरीय निकाय अध्यक्ष के चुनाव का तरीका बदलने से अध्यक्ष पद के दावेदारों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। अब उन्हें शहर की वार्डों में जमीन तलाशना पड़ रही है।

केवल अपने लिए सुरक्षित वार्ड ही नहीं, बल्कि दूसरे वार्डों में पार्षद पद के दावेदारों से भी अभी से तालमेल बिठाने में जुट गए हैं। हालांकि निकायों के चुनाव दलीय आधार पर होंगे, लेकिन जो दावेदार हैं वो अपनी ओर से पैनल के रूप में वार्डों में प्रत्याशियों को देखना चाहते हैं।

लिहाजा दावेदारों से संपर्क के साथ अपनी पार्टी के प्रमुख नेताओं से भी संपर्क में आ गए हैं, ताकि जीतने की संभावनाओं वाले और अपने पक्ष के कार्यकर्ता को पार्टी से पार्षद का टिकट दिला सकें। प्रत्यक्ष चुनाव में केवल अपने लिए ही टिकट की जुगाड़ करने की चुनौती थी, अब पार्षदों के लिए भी संघर्ष करना होगा।

रायसेन नगर पालिका अध्यक्ष का पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों कांग्रेस और भाजपा से अध्यक्ष पद के दावेदार अंदरूनी रूप से सक्रिय हो गए हैं। अपने लिए सुरक्षित वार्ड तलाशने में जाति, वर्ग, पार्टी के समर्थक, पुराने संबंधों को भी ध्यान में रखा जा रहा है।

रहेगा जमावड़ा
शहर के 18 वार्डों में महिलाओं के लिए नौ वार्ड आरक्षित हैं। इसके अलावा इसके अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए दो वार्ड मुक्त हैं, यानि यहां से भी पिछड़ा वर्ग की महिला चुनाव लड़ सकती है। नौ वार्ड अनारक्षित मुक्त या अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित हैं।

इस तरह नगर के 14 वार्डों से अनारक्षित वर्ग की महिलाएं चुनाव लड़ कर अध्यक्ष पद की दावेदारी कर सकती हैं। इसलिए शहर में 18 में से 14 वार्डों में अध्यक्ष पद की दावेदारों के बीच चुनावी दंगल होगा, जिससे चुनाव का रोमांच बढ़ेगा।

कमरा बैठकों का दौर जारी
फिलहाल नगर में कमरा बैठकों का दौर चल रहा है। पार्टी स्तर से अभी टिकट के दावेदारों से संपर्क शुरू नहीं हुआ है। पार्षद और अध्यक्ष बनने का सपना देख रहे नेता अपनी पत्नियों के साथ वार्डों में प्रभावी लोगों का समर्थन हासिल करने कमरा बैठक कर रहे हैं।

जिला पंचायत सदस्य के 13 नामांकन जमा
त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के तहत रायसेन में पंच, सरपंच, जनपद सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए नाम निर्देशन पत्र 30 मई से लिए जा रहे हैं। पांचवें दिन शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए कुल 13 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए। जबकि जनपद पंचायत सदस्य पदों के लिए 47 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए।

इसी प्रकार सरंपच पदों के लिए कुल 251 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए तथा पंच पदों के लिए 95 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए। इस प्रकार शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच तथा पंच के लिए कुल 406 नाम निर्देशन पत्र दाखिल हुए।

मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण जारी: जिले के सभी विकासखंडों में मतदान अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण 03 जून से 05 जून तक आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 03 जून को विकासखंड बाड़ी, बेगमगंज, गैरतगंज, औबेदुल्लागंज, सांची, सिलवानी तथा उदयपुरा में लगभग 1800 मतदान अधिकारियों को निर्वाचन के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो