scriptएक महिला रायसेन में तो उदयपुरा के दो किशोर मिले डेंगू पॉजिटिव | raisen, ek mahila raisen to udaypura ke do kishore mile dengu positive | Patrika News

एक महिला रायसेन में तो उदयपुरा के दो किशोर मिले डेंगू पॉजिटिव

locationरायसेनPublished: Sep 15, 2021 09:50:46 pm

Submitted by:

praveen shrivastava

उदयपुरा के मरीजों का भोपाल में चल रहा इलाज, रायसेन की मरीज जिला अस्पताल में भर्ती।

एक महिला रायसेन में तो उदयपुरा के दो किशोर मिले डेंगू पॉजिटिव

एक महिला रायसेन में तो उदयपुरा के दो किशोर मिले डेंगू पॉजिटिव

रायसेन/उदपुरा. कोरोना के बाद अब डेंगू ने लोगों को डराना शुरू कर दिया है। प्रदेश के साथ जिले में भी डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं। बुधवार को रायसेन के वार्ड 17 निवासी एक महिला को डेंगू पॉजिटिव पाया गया है, हालांकि उसकी स्थिति गंभीर नहीं है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि उदयपुरा निवासी दो लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनका भोपाल में इलाज चल रहा है। इस तरह अब तक जिले में डेंगू के 14 मरीज मिल चुके हैं। जिला मुख्यालय पर तीन दिन पहले भी डेंगू के दो मरीज मिले थे।
उदयुपरा में शिवलोक कॉलोनी में एक ही परिवार के दो किशोरों को डेंगू होने की पुष्टि हुई है। दोनो मरीज भोपाल के अस्पताल में भर्ती हैं। जानकारी के अनुसार 13 वर्षीय अभिषेक प्रजापति और उसका चचेरा भाई 12 वर्षीय संदीप को विगत दिनों बुखार आने पर प्राइवेट डॉक्टरों से इलाज कराया था। हालत को बिगड़ता देख उन्हे भोपाल ल ेजाया गया, जहां एक निजी अस्पताल में उनकी रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। इन मरीजों का घर जहां है, वहां आस-पास पानी भरा हुआ है, जिसमें मच्छर पनप रहे हैं।
गंदगी और लापरवाही बनी बीमारी का कारण
जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी नगरों में गंदगी और लापरवाही बीमारी फैलने का कारण बन रही है। नगरीय निकायों द्वारा केवल स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान ही सफाई को लेकर गंभीरता दिखाई जाती है। इसके बाद हालात बदहाल हो जाते हैं। सबसे बड़ी समस्या खाली प्लॉट बन रहे हैं, जिनमें भर पानी सड़कर प्रदूषण फैला रहा है, यहीं डेंगू और मलेरिया के मच्छर पनप रहे हैं। जिला मुख्यालय पर ही हालात बदहाल हैं। डेंगू से निपटने के लिए सफाई अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन वह भी मुख्य मार्गों तक ही सीमित है। कॉलोनियों में जहां गंदगी का अंबार है, वहां नपा की नजर नहीं पहुंचती है।
दो सौ मालिकों को दिए नोटिस
जिले में डेंगू के मरीज मिलने के बाद जागी नगर पालिका ने रायसेन शहर में खाली प्लॉटों का सर्वे कराया था। जिसमें 350 प्लॉट ऐसे मिले, जिनमें भरा पानी खतरनॉक साबित हो रहा है। नपा के कुछ प्लॉटों से पानी खाली कराया, लगभग 200 प्लॉट मालिकों को नोटिस देकर उनके प्लॉट से पानी निकालने और मिट्टी से भरने के निर्देश दिए थे। आज से फिर सर्वे का काम शुरू होगा। जिसमें देखा जाएगा कि कितने लोगों ने अपने खाली प्लाटों से पानी निकालकर मिट्टी से पूर दिए हैं। जिन लोगों ने ऐसा नहीं किया उन पर जुर्माना की कार्रवाई कर नपा खुद प्लॉट साफ कर मिट्टी से भरेगी।
इनका कहना है
– घाना रोड पर किसी परिवार के दो बालको को डेंगू हुआ है। जिनका इलाज भोपाल के किसी अस्प्ताल में चल रहा है। उस परिवार सहित आसपास के घरों से लार्वा एकत्रित करने के साथ पानी का भी सेम्पल जांच के लिए भेजा गया है। डेंगू संबंधित कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी कराया गया है। सभी वार्डो में सर्वे भी जारी है। साथ ही लोगो को जागरुक भी किया जा रहा है।
रजनीश सिंघई, बीएमओ उदयपुरा
– बुधवार को रायसेन के वार्ड 17 निवासी एक महिला को डेंगू पॉजिटिव पाया गया है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती करने के लिए कहा गया है। उसके घर और आस-पास सर्वे किया गया है।
डा. प्रियंबदा गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी
————–
एक महिला रायसेन में तो उदयपुरा के दो किशोर मिले डेंगू पॉजिटिव
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो