हनुमान गढ़ी मंदिर बना धार्मिक पर्यटन क्षेत्र
आज श्रीरामकथा से पहले निकलेगी भव्य शोभायात्रा।
रायसेन
Published: May 10, 2022 08:28:25 pm
बरेली. क्षेत्र की जनता के आस्था के प्रमुख केंद्र हनुमानगढ़ी मंदिर पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में आज से प्रारंभ श्रीराम कथा से पहले भव्य शोभायात्रा निकलेगी। कथा व्यास स्वरूप संत राजेंद्र दासजी महाराज मलूक पीठाधीश्वर के सानिध्य में निकलने वाली शोभायात्रा को भव्य, अद्वितीय और आकर्षक बनाने केलिए घर घर न्योता दिया गया है। शोभायात्रा में गाडरवारा के ढोल, सागर की प्रसिद्ध रमतुल्ला पार्टी, नर्तक घोड़े और हैरत अंगेज करतब दिखाती अखाड़े की जाबांज खिलाड़ी युवतियां और गौ झांकी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शोभायात्रा नगर के शक्तिधाम मंदिर बड़ा बाजार की परिक्रमा करते हुए भवानी चौक, छोटा बाजार, नवीन टाकीज, एनएच से होते हुए चैनपुर रोड से हनुमान गढ़ी धाम पहुंचेगी।
शोभायात्रा में जनता को सहभागी बनाने के लिए प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और आयोजन समिति घर घर न्योता देने पहुंचे। शोभायात्रा के पूरे मार्ग को रांगोली, स्वागत द्वारों से सजाया जाएगा। अश्वदल की अगुवाई में शोभायात्रा में ध्वजा वाहिनी और पीत वस्त्र धारी विप्रजन आगे चलेंगे। शोभायात्रा के दो किलोमीटर लंबे मार्ग पर पचास से अधिक स्थानों पर स्वागत की तैयारियां की गई हैं।
धनुष यज्ञ का साक्षी बना पूरा शहर
मंदिर पर चल रहे प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के उपलक्ष्य में चल रही मथुरा की पात्र रामलीला में भारी भीड़ उमड़ रही है। सोमवार रात रामलीला में धनुष यज्ञ और परसुराम लक्ष्मण संवाद की लीला को पात्रों ने जीवंत कर दिया। तीन दशक बाद नगर में हो रही पात्र रामलीला को देखने बड़े बुजुर्ग बच्चे जवान सभी पहुंच रहे हैं। धार्मिक पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित हुए हनुमानगढ़ी धाम पर शाम का नजारा देखते ही बन रहा है। रंग बिरंगी रोशनी से जगमग लाल पत्थर से मढ़े मंदिर को कैमरे में कैद करने की होड़ सी लग जाती है।

हनुमान गढ़ी मंदिर बना धार्मिक पर्यटन क्षेत्र
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
