रायसेन

कुत्ते का शिकार कर झाडिय़ों में छुप गया तेंदुआ

सूचना देने के नौ घंटे बाद पहुंची भोपाल की टीम ने किया रेस्क्यू।

रायसेनJun 07, 2021 / 10:18 pm

praveen shrivastava

कुत्ते का शिकार कर झाडिय़ों में छुप गया तेंदुआ

रायसेन. सोमवार सुबह लगभग साढ़े चार बजे वन विभाग की भरतीपुर बीट अंतर्गत सुकासेन के जंगल से लगे हुए गांव में तेंदुआ घुस आया। तेंदुए की आहट पाकर गांव के ही राकेश का कुत्ता भोंकने लगा तो तेंदुए ने कुत्ते का ही शिकार कर लिया। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीणों की नींद खुली तो देखा कि तेंदुआ कुत्ते को खा रहा था। लोगों को देखकर तेंदुआ झाडिय़ों में छुप गया। ग्रामीणों ने सलामतपुर वन विभाग के डिप्टी रेंजर लल्लन सिंह को सुबह करीब पांच बजे सूचना दी। वन अमला सुबह साढ़े पांच बजे मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू टीम भोपाल को सूचना दी।
लेकिन रेस्क्यू टीम लगभग नौ घंटे बाद दोपहर दो बजे मौके पर पहुंची। फिर दो घंटे की कड़ी मशकत के बाद शाम करीब चार बजे तेंदुए को बेहोशी का इंजेक्शन लगा तब कहीं जाकर वह काबू में आया। रेस्क्यू टीम तेंदुए को पिंजरे में बंद कर भोपाल वन विहार ले गई। बताया जा रहा है कि तेंदुए के पिछले पेर में पुराना घाव भी है। जिसकी वजह से वह लंगड़ाकर चलता है। तेंदुए का इलाज कर उसे जंगल में छोड़ा जाएगा। वहीं रायसेन डीएफ ओ अजय कुमार पांडे, एसडीओ, रेंजर आरके चौधरी भी मौके पर पहुंच गए थे।
मौके पर पहुंची भीड़
रातातलाई पंचायत के गांव सुकासेन में तेंदुए के झाडिय़ों में छुपे होने की जानकारी जैसे ही क्षेत्र में फैली तो सलामतपुर, सांची सहित आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कई लोग तेंदुए का फोटो लेने में व्यस्त रहे। वन विभाग के अधिकारियों ने तत्काल मौके से भीड़ को हटाया।
दो जून को कुएं में गिरा था तेंदुआ
छह दिन पहले ही दो जून को बेगमगंज तहसील के ग्राम भैसवाई में एक तेंदुआ पानी की तलाश में कुएं में गिर गया था, जिसे वन अमले ने बड़ी मशक्कत के बाद कुएं में खाट डालकर उसके सहारे बाहर निकाला था। जिले में आबादी वाले क्षेत्रों में तेंदुओं का मूवमेंट बना रहता है।

Home / Raisen / कुत्ते का शिकार कर झाडिय़ों में छुप गया तेंदुआ

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.