scriptमहिलाओं ने उठाया हरियाली का बीड़ा | raisen, mahilaon ne uthaya hariyali ka bida | Patrika News

महिलाओं ने उठाया हरियाली का बीड़ा

locationरायसेनPublished: Jul 19, 2021 10:27:33 pm

Submitted by:

praveen shrivastava

महिला बाल विकास की मात्र शक्ति ने रोप दिए 4 हजार से अधिक पौधे।

महिलाओं ने उठाया हरियाली का बीड़ा

महिलाओं ने उठाया हरियाली का बीड़ा

रायसेन. जिले में पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण के लिए सरकारी अमले सहित विभिन्न सामाजिक संगठन अभियान चला रहे हैं, लेकिन अभी तक महिला बाल विकास विभाग की मातृशक्ति ने जो काम कर दिखाया है वह किसी अन्य विभाग के सरकारी अमले ने नहीं किया है। लगभग 20 दिन से विभाग की सेक्टर अधिकारियों के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं सहित गांव की महिलाओं ने 4000 से अधिक पौधे रोप दिए। इस अभियान के तहत जिले की लगभग 500 आंगनबाड़ियों में पौधरोपण किया जा रहा है। विभाग के अपने आंगनबाड़ी भवनों के परिसरों में सुरक्षित पौधरोपण कर उनके बड़े होने तक संबंधित आगनबाड़ी की कार्यकर्ता और सहायिकाओं को जिम्मेदारी दी जा रही है। इस अभियान में गांव की महिलाओं को भी शामिल किया जा रहा है, ताकि पौधरोपण और संरक्षण के प्रति उनमें भी जागरूकता का संचार हो। महिला बाल विकास अधिकारी ज्ञानेश खरे का कहना है की विभाग की पर्यवेक्षकों, सेक्टर सुपरवाइजरों के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बेहतर काम कर रही हैं। पिछले सालों में भी आंगनबाड़ियों में पौधरोपण किया गया था, लेकिन इस बार यह कार्यक्रम बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है, जिसमें लगभग दो हजार महिलाएं शामिल हैं।
मनाया पौधों का जन्मदिन
पिछले साल भी महिला बाल विकास विभाग द्वारा पौधरोपण अभियान चलाया गया था। हालांकि तब इतना वृहद अभियान नहीं चला था, लेकिन उस समय रोप गए पौधे अभी भी जीवित हैं। बीते दिनों खरवई सेक्टर की आंगनबाड़ियों में, बीते साल रोपे गए पौधों का जन्मदिन मनाया गया। उक्त पौधे अब पेड़ का आकार लेने लगे हैं। पौधों का जन्मदिन मनाते हुए मिठाई वितरण किया और फूल मालाएं पहनाकर पूजन भी की। इस आयोजन से ग्रामीणों के बीच पेड़ पौधों के संरक्षण को लेकर अच्छा संदेश पहुंचा है। आयोजनों में बच्चों को भी शामिल किया जाता है, ताकि उनमें भी पर्यावरण संरक्षण तथा पौधरोपण के प्रति जागरूकता आए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो