scriptहमेशा जनता की भलाई में लगा रहता हूं | cm shivraj singh chauhan news in madhya pradesh | Patrika News

हमेशा जनता की भलाई में लगा रहता हूं

locationराजगढ़Published: Sep 17, 2018 02:58:19 pm

Submitted by:

Amit Mishra

जनआशीर्वाद यात्रा में बोले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

mp election 2018, jan ashirwad yatra shivraj singh chouhan,

हमेशा जनता की भलाई में लगा रहता हूं

नरसिंहगढ़. सीएम शिवराजसिंह ने नरसिंहगढ़ और सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र में सभा को संबोधित किया, सारंगपुर में एक शासकीय अस्पताल के नवीन भवन का भी लोकार्पण किया उनके साथ पत्नी साधनासिंह भी मौजूद रहीं।

जनआशीर्वाद यात्रा महज एक यात्रा नहीं, अपितु जनता की जिंदगी बदलने का अभियान है। हर एक की जिंदगी में नया सवेरा लाऊंगा, किसी को गरीब, मजदूर नहीं रहने दूंगा। यह उद्गार रविवार को बस स्टैंड पर जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि सत्ता के स्वर्ण सिंहासन पर बैठकर भी मैंने कभी आराम नहीं किया। हमेशा जनता की भलाई के कार्यों में लगा रहता हूं। उन्होंने विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर भी जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज्य को बीमारू बना दिया था। जहां सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य सभी सुविधाओं का बंटाधार कर दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने पिछले 15 वर्षो में प्रदेश का इतिहास बदल कर रख दिया है।

भरपूर आर्थिक सहायता मुहैया करवा रही है सरकार
किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज, खेती के लिए बिजली, पानी, संसाधन और प्राकृतिक आपदा के दौरान भरपूर आर्थिक सहायता सरकार मुहैया करवा रही है। उन्होंने किसानों को फ सल का उचित मूल्य दिए जाने की बात कही।

उन्होंने सरकार की संबल योजना के माध्यम से आमजनों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताते हुए जनता से आने वाले विस चुनाव में पुन: आशीर्वाद रूपी मत देने की अपील की।


ये रहे मौजूद
इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, सांसद रोड़मल नागर, भोपाल महापौर आलोक शर्मा, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड उपाध्यक्ष रघुनंदन शर्मा, संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी, पूर्व विधायक मोहन शर्मा, ब्यावरा विधायक नारायणसिंह पंवार,जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, पं. हरिचरण तिवारी, गायत्री गुर्जर, उर्मिला उपाध्याय सहित हजारों भाजपा कार्यकर्ता और आमजन मौजूद थे।

 

गरीबी हटाने का दिया था नारा गरीबों को ही हटा दिया

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी रैलियां कर रहे हैं, लेकिन जनता पूछ रही है कि उन्होंने 50 सालों में देश का विकास क्यों नहीं किया। इंदिरा जी ने नारा दिया था गरीबी हटाओ, लेकिन उन्होंने गरीबों को ही हटा दिया। उन्होंने हर गरीब को घर, मफ्त बिजली, स्वास्थ्य सुविधाएं दिए जाने की बात कही।

प्रदेश पर कांग्रेस ने सबसे ज्यादा राज किया और उसे कर दिया तबाह

सारंगपुर. जन आशीर्वाद यात्रा को उद्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश पर सबसे ज्यादा राज किया। जिसने प्रदेश को तबाह कर दिया था। कांग्रेस के राज में न बिजली, न सड़क और न ही किसानों के लिए सिंचाई की कोई व्यवस्था थी।
कांग्रेस के शासन में दिग्विजय ने नर्मदा का पानी क्षिप्रा एवं कालीसिंध में लाने को असंभव बताया था। उसी काम को हमने करके दिखाया। अभी क्षिप्रा में नर्मदा का पानी लाया गया। अब नर्मदा का पानी कालीसिंध में छोडऩे का काम किया जाएगा। हमने बगैर भेदभाव किए समाज के सभी वर्गों के हित में काम किए हैं।


गरीब, किसान, मजदूरों के लिए अनेकों योजनाएं चलाई और प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में हर संभव काम किया। अब कालीसिंध परियोजना का काम भी प्रारंभ किया जा रहा हैं। जिससे शाजापुर एवं सारंगपुर के लगभग 176 गांवों को सिंचाई के लिए किसानों को पानी उपलब्ध होगा।

 

100 बिस्तर के अस्पताल का किया लोकार्पण
नगर में नवनिर्मित 100 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल का लोकार्पण मंच के पास ही किया। लोकार्पण के दौरान क्षेत्रीय विधायक ने संडावता टप्पे को तहसील का दर्जा सहित क्षेत्र की सड़कों की मांग की।

यात्रा के दौरान विधायक कुंवर कोठार, हजारीलाल दांगी, पूर्व विधायक गौतम टेंटवाल, हनुमान गर्ग, मीना मालवीय, पीएस मंडलोई, निर्मल जैन, शफीक अंसारी, चन्द्रकलां चौहान, रामलाल खटक, मनोज जैन, विजय सेन, कैलाश मेवाड़ा, घनश्याम नागर आदि मौजूद रहे।

यात्रा का नगर में प्रवेश करने पर दिलीप मित्र मंडल, लायंस क्लब, धनगर समाज, स्वर्णकार समाज, बालिका छात्रावास, पाटीदार समाज, सर्व सेन समाज, मार्केटिंग सोसायटी, मप्र राज्य कर्मचारी संघ, राठौर समाज, अजाक्स संगठन, दलित जागरण मंच, विधि प्रकोष्ठ, अभिभाषक संघ, प्रजापति समाज, पंचायत सचिव संगठन सहित विभिन्न संगठनों ने स्वागत किया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो