राजनंदगांव

महाकाल की बारात, गाजे-बाजे, हाथी-घोड़े और भूत-पिशाच के साथ झूमते हुए निकले शिव भक्त

महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर शहर में बाबा महाकाल की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भक्ति भजनों के साथ श्रद्धालु झूमते नजर आए।

राजनंदगांवMar 11, 2021 / 01:10 pm

Dakshi Sahu

महाकाल की बारात, गाजे-बाजे, हाथी-घोड़े और भूत-पिशाच के साथ झूमते हुए निकले शिव भक्त

राजनांदगांव. महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर शहर में बाबा महाकाल की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भक्ति भजनों के साथ श्रद्धालु झूमते नजर आए। राजनांदगांव शहर में गत वर्ष की तरह ही इस वर्ष भी महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर बाबा महाकाल की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का आगाज शहर के गुरुद्वारा चौक से शंखनाद और महाकाल की भव्य आरती के पश्चात किया गया। इस शोभायात्रा में शहर के सभी राजनीतिक दलों के साथ हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा में भगवान भोलेनाथ की बारात व झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
घंटों झूमते रहे बाराती
इस बारात में भूत-पिशाच, घोड़े, हाथी, मोर की वेषभूषा में लोग नाचते नजर आए। वहीं बस्तर से पहुंचे आदिवासियों ने भी महाकाल की भव्य शोभायात्रा में आकर्षक नृत्य किया। शोभा यात्रा को लेकर आयोजक निखिल द्विवेदी ने कहा कि महाकाल की भक्ति में सभी को सराबोर करने के उद्देश्य से यह शोभायात्रा निकाली गई है। शहर में निकली महाकाल की भव्य शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गो में घंटों भ्रमण करती रही।
पुष्प वर्षा से किया स्वागत
शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। बाबा महाकाल की शोभायात्रा के दौरान महाकाल के जयकारे से राजनांदगांव शहर शोभा यात्रा के दौरान गुंजायमान होता रहा। भगवान भोलेनाथ की भक्ति से सराबोर इस शोभायात्रा में हर वर्ग के लोग शामिल हुए। वहीं महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान महाकाल से कोरोना खात्मे के साथ कष्टों को हरने की कामना भी इस शोभायात्रा के दौरान की गई।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.