scriptविकास यात्रा बनाम विकास खोजो यात्रा, कांग्रेसियों से सांसद ने कहा- स्वागत है आपका | Congress vikas khojo yatra launch in Rajnandgaon | Patrika News

विकास यात्रा बनाम विकास खोजो यात्रा, कांग्रेसियों से सांसद ने कहा- स्वागत है आपका

locationराजनंदगांवPublished: May 13, 2018 03:53:24 pm

Submitted by:

Dakshi Sahu

राज्य सरकार की विकास यात्रा के समानांतर कांग्रेस ने आज सुबह से विकास खोजो यात्रा शुरू की।

patrika
राजनांदगांव. राज्य सरकार की विकास यात्रा के समानांतर कांग्रेस ने आज सुबह से विकास खोजो यात्रा शुरू की। राजनांदगांव जिले में मुख्यमंत्री के गोद ग्राम सुरगी और उनके सांसद पुत्र के गोदग्राम भोथीपार खुर्द में आम लोगों से मिलकर बात करने के बाद कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पूनिया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने सीएम को नसीहत दी है कि वे दंतेवाड़ा या किसी दूसरी जगह से विकास यात्रा निकालने के बजाए अपने और अपने बेटे के गोदग्राम की स्थिति में पहले सुधार कर लें।
उधर कांग्रेस इस विकास खोजो यात्रा पर सांसद अभिषेक सिंह ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए भूपेश और पुनिया को नसीहत देने का काम किया है। साल के अंत में होने वाले चुनाव में चौथी बार सरकार बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह जोर आजमाइश में लगे हैं। उन्होंने इस बार फिर अपनी सरकार के विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने विकास यात्रा का कार्यक्रम शुरू किया है। उनकी विकास यात्रा आज ही दंतेवाड़ा से शुरू हुई है, जो पूरे एक महीने तक प्रदेश भर में घूमेगी।
इधर राज्य की सत्ता में काबिज होने के लिए कांग्रेस भी कवायद में जुटी हुई है। इसी कड़ी में विकास यात्रा के जवाब में विकास खोजने के लिए कांग्र्रेस के नेता घूम रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पुनिया और प्रदेश अध्यक्ष बघेल विकास खोजने आज मुख्यमंत्री और उनके सांसद पुत्र के गोद ग्राम पहुंचे और उन्होंने दावा किया कि उनको विकास तो नहीं मिला, अलबत्ता सरकार के खिलाफ लोगों की शिकायतें जरूर मिलीं।
योजनाओं का क्रियान्वयन सही नहीं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बघेल ने कहा कि सूखाग्रस्त घोषित किए जाने के बाद भी किसानों से १३ प्रतिशत ऋण की वसूली की जा रही है। मुद्रा योजना में लोगों को ऋण नहीं मिल पा रहा है। उज्जवला के कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में ही बेहतर क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने और अपने बेटे के क्षेत्र में विकास पर ध्यान देना चाहिए।
शिकायत ही शिकायत मिल रही
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद पुनिया ने कहा कि सीएम और उनके सांसद पुत्र के क्षेत्र में वे विकास ढूंढने निकले हैं लेकिन हर जगह शिकायत ही मिल रही है। गांवों में पानी की समस्या है। शौचालय के रूपए नहीं मिले हैं। मनरेगा का काम नहीं मिल रहा है। पुनिया ने कहा कि रमन सिंह और उनकी सरकार विकास की गाथा गाते फिरेंगे और वो पूरे राज्य में उनकी पोल खोलने का काम जारी रखेंगे।
सांसद अभिषेक सिंह ने सोशल मीडिया पर राजनांदगांव क्षेत्र के विकास को लेकर तस्वीरें पोस्ट की जिसमें नए मेडिकल कॉलेज और सड़क मार्ग का जिक्र है। इन तस्वीरों को पोस्ट करने के बाद सांसद ने छत्तीसगढ़ कांगेस अध्यक्ष भूपेश बघेल पर तंज कसा है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस भ्रम की स्थिति में है। कांग्रेस झूठे आरोप लगाकर बेवजह ही क्षेत्र की जनता को गुमराह कर रही है। यही वजह है कि बघेल जी को पूरे प्रदेश में कहीं भी विकास दिखाई नहीं दे रहा है।
सांसद ने ने कहा कि कांग्रेस नेता आंखों पर पट्टी बांधकर विकास खोजो यात्रा पर निकले हैं। सोशल मीडिया पर सांसद अभिषेक सिंह ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी पीएल पूनिया और कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल पर विकास के मुद्दे को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भूपेश बघेल एवं पूनियाजी आपका राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में स्वागत है, जिस शानदार सड़क मार्ग से आप भोथिपार पहुंचे हैं, आशा है आपको यात्रा में कम समय लगा होगा।
सांसद गोद ग्राम भोथीपार खुर्द, मलपुरी और सीएम गोद ग्राम सुरगी में पुनिया और बघेल ने महिलाओं और पुरूषों से बात की। इस दौरान लोगों ने शिकायत की कि शौचालय का निर्माण उन्होंने करा लिया है लेकिन अब तक इसकी राशि उनको नहीं मिल पाई है।
मनरेगा के भुगतान नहीं होने की शिकायतें भी सामने आईं। महिलाओं ेने बताया कि उनको उज्जवला योजना के तहत गैस का कनेक्शन भी नहीं मिला है। सुरगी में लोगों ने कहा कि मनरेगा के तहत लोगों को रोटेशन में काम दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार यदि सबको नियमित काम दे तो वे काम करेंगे लेकिन पर्याप्त काम नहीं होने के कारण नियमित काम नहीं मिल रहा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो