राजनंदगांव

सर्वे के लिए घर-घर पहुंचेंगे कर्मचारी, सदस्यों का बनाएंगे स्वास्थ्य रिपोर्ट …

भरकापारा के आसपास तीन किमी के दायरे में 4500 घरों में होगा सर्वे

राजनंदगांवMar 28, 2020 / 04:03 pm

Nitin Dongre

सर्वे के लिए घर-घर पहुंचेंगे कर्मचारी, सदस्यों का बनाएंगे स्वास्थ्य रिपोर्ट …

राजनांदगांव. शहर के भरकापारा में कोरोना पॉजीटिव मरीज मिलने से पूरे शहरवासियों में दहशत का माहौल है। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। इसके चलते संक्रमण के फैलाव को रोकने और इसके चपेट में आ चुके लोगों के पहचान के लिए रोजाना नए नियम और फैसले लिए जा रहे हैं। अब भरकापारा के आसपास तीन किमी के दायरे में करीब 4500 घरों में सभी लोगों की स्वास्थ्य रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी अनुसार इसके लिए सर्वे करने वाले 160 कर्मचारियों को शुक्रवार को प्रशिक्षित किया गया है। ये कर्मचारी 3 से 4 की संख्या में रहेंगे और घर-घर पहुंचकर राज्य शासन द्वारा निर्धारित प्रपत्र का उपयोग करते हुए जानकारी एकत्रित करेंगे। ये कर्मचारी दो दिनों में सर्वे का काम पूरा कर लेंगे। ज्ञात हो कि दो दिन पहले भरकापारा निवासी 24 वर्षीय शुभम सोनी को कोरोना पॉजीटिव पाया गया है। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखा गया है। पीडि़त के भाई, सहित उनके घर काम करने वाली व अन्य सदस्यों को भी कोरेंटाइन में रखा गया है।
यहां भी कर सकते हैं सर्वे

ज्ञात हो कि शहर में विदेश यात्रा कर लौटे लोगों की संख्या 91 हैं। ये अलग-अलग वार्ड में निवासरत हैं। ऐसे लोगों की भी जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने लिस्ट तैयार कर ली है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार इनके घरों के आसपास निवासरत करीब 50-50 घरों या संस्थाओं में भी सर्वे कर रिपोर्ट तैयार किया जा सकता है।
गांवों में आंगनबाड़ी सहायिकाओं को निर्देश

गांवों में पलायन से लौटे लोगों का सर्वे कर स्वास्थ्य रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी सहायिकाओं को सौंपी गई है। किसी भी प्रकार से किसी भी व्यक्ति पर कोरोना से जुड़े लक्षण पाए जाने पर उसकी पूरी रिपोर्ट सहायिकाओं द्वारा जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को देने के लिए कहा गया है। इसके बाद गांवों में भी सर्वे शुरू हो गया है। कर्मचारी घरों में पहुंचकर सभी सदस्यों के स्वास्थ्य को लेकर पूछताछ कर रहे हैं।
प्रशिक्षित किया गया

सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी ने बताया कि कोरोना पॉजीटिव मरीज के घर के तीन किमी के दायरे में घर-घर सर्वे किया जाएगा। उनकी स्वास्थ्य रिपोर्ट बनाई जाएगी। इसके लिए 160 कर्मचारी दो दिनों तक सर्वे करेंगे। उन्हें प्रशिक्षित किया गया है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.