पुलिस से मिली जानकारी अनुसार गंडई थाना क्षेत्र के ग्राम धोधा में वेलेंटाइन डे के दिन जीवन भर एक-दूसरे का साथ निभाने की कस्मे लेकर शादी के बंधन में बंधी 22 वर्षीय यांशिका वर्मा ने शुक्रवार सुबह तकरीबन सुबह 7 बजे अपने ही घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद उसका पति 25 वर्षीय मिनेश वर्मा अपनी बाइक पर निकला और ग्राम हनईबन चौरस्ता के पास ट्रक के नीचे आ गया। दर्दनकाक सड़क हादसे में उसकी भी दर्दनाक मौत हो गई। इस तरह दो घंटे के अंतराल में पति-पत्नी की मौत हो गई। इस घटना से घर वाले स्तब्ध हैं। महज तीन महीने पहले दोनों की शादी हुई थी।
ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच घटना के एक दिन पहले रात में किसी बात को लेकर मामूली विवाद हुआ था। इससे क्षुब्ध होकर ही संभवत: पत्नी ने फांसी लगा ली। इस घटना की जानकारी लगते ही मिनेश अपनी दो पहिया पर हड़बड़ाते हुए गंडई की ओर निकला और वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। पुलिस की डायल 112 की टीम उसे गंडई सीएससी लेकर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गंडई थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि ग्राम धोधा में नव दंपती की मौत हुई है। महिला ने फांसी लगाई है, तो पुरुष की सड़क दुर्घटना में मौत हुई है। मामले में जांच जारी है।