script

कलेक्टरी छोड़ राजनेता बने OP चौधरी के पोस्टर से यहां मच गया बवाल, जानिए क्यों…

locationराजनंदगांवPublished: Feb 19, 2019 11:45:03 am

Submitted by:

Dakshi Sahu

हालांकि विवाद बढ़ता देख नगर निगम आयुक्त ने होर्डिंग्स हटा दिए हैं। उन्होंने कार्यक्रम को लेकर भी अनभिज्ञता जाहिर की है।

patrika

कलेक्टरी छोड़ राजनेता बने OP चौधरी के पोस्टर से यहां मच गया बवाल, जानिए क्यों…

राजनांदगांव. नगर निगम के पास नगर निगम द्वारा लगाए गए एक होर्डिंग ने यहां विवाद का माहौल पैदा कर दिया है। दरअसल, इस होर्डिंग में युवा भारत के नाम से एक कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी है और कार्यक्रम में मोटिवेशनल स्पीच के लिए ओपी चौधरी के आने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम के आयोजक के रूप में नगर निगम का नाम है और इसी ने इस कार्यक्रम को विवादास्पद बना दिया है। हालांकि विवाद बढ़ता देख नगर निगम आयुक्त ने होर्डिंग्स हटा दिए हैं। उन्होंने कार्यक्रम को लेकर भी अनभिज्ञता जाहिर की है।
लिखा है छत्तीसगढ़ का पहला आइएएस
राजनांदगांव के गौरव पथ स्थित पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में २० फरवरी को युवा भारत (युवा शक्ति, युगे शक्ति) के नाम से कार्यक्रम को लेकर होर्डिंग लगा है और आयोजक संस्था के रूप में नगर निगम राजनांदगांव का उल्लेख है। कार्यक्रम संयोजक के रूप में युवा भारत राजनांदगांव लिखा हुआ है। मोटिवेशनल स्पीच के लिए ओपी चौधरी का नाम है और होर्डिंग में उन्हें छत्तीसगढ़ का प्रथम आईएएस लिखा गया है।
मचाया हंगामा
चौधरी ने पिछले साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के पूर्व कलेक्टरी छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर लिया था और खरसिया से वे चुनाव भी लड़े थे। वे चुनाव हार गए थे। कांग्रेस ने इन होर्डिंग्स को देखने के बाद नगर निगम में आयुक्त के समक्ष जमकर हल्ला मचाया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि चौधरी एक राजनीतिक व्यक्ति हैं और चुनाव लड़ चुके हैं, ऐसे में नगर निगम कैसे ऐसे व्यक्ति को लेकर आयोजन कर सकती है।
ये रहे मौजूद
नगर निगम में विरोध प्रदर्शन के दौरान रमेश डाकलिया, बसंत बहेकर, आसिफ अली, शैलेश सुराना, हेमा देशमुख, पोषण साहू, राकेश जोशी, योगेश मुदलियार जय मुदलियार, झम्मन देवांगन, नासिर जिदरान, विकास अग्रवाल, शुभम शुक्ला, पोषण साहू, विप्लव शर्मा, नीलेश शुक्ला, शरद खंडेलवाल, उमर कुरैशी ,प्रकाश राठौर, अमित चंद्रवंशी, अमित जंघेल, कादिर बडग़ुजर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित रहे।
कांग्रेस के हंगामे के बाद आयुक्त चंद्रकांत कौशिक ने नगर निगम के आयोजकत्व में ऐसे किसी कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी से इंकार किया। उन्होंने कहा कि निगम ने ऐसा कोई कार्यक्रम तय ही नहीं किया है। उन्होंने कहा कि वे शहर में लगी ऐसी होर्डिंग्स को हटवाने का काम करेंगे।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने बताया कि नगर निगम की जानकारी के बिना उसे आयोजक बताते हुए जिस भी संस्था ने ऐसी होर्डिंग्स लगाई है, उसके खिलाफ नगर निगम प्रशासन को एफआईआर करनी चाहिए। आयुक्त चंद्राकांत कौशिक ने बताया कि नगर निगम ऐसा कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं कर रहा है। संज्ञान में मामला आने के बाद शहर में लगे हुए होर्डिंग्स को तुरंत हटाने के निर्देश देकर उन्हें निकलवा दिया गया है।

ट्रेंडिंग वीडियो