31 से बढ़ कर 32 हुआ निगम में कांग्रेस पार्षदों की संख्या
शुक्रवार को राजधानी रायपुर में प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के समक्ष छैदेया ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का सदस्यता ग्रहण कर ली। चर्चा है कि काफी समय से अजय छैदेया कांग्रेस में शामिल होने के मन बना चुके थे। इसके पीछे भाजपा नेताओं के रवैये को असल वजह बताया जा रहा है। वर्तमान में 51 में से कांग्रेस के 31 पार्षद है। छैदेया के शामिल होने से संख्या 32 पहुंच गई है। इस संबंध में महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि शहर विकास का एक गहरा भाव लिए छैदेया ने कांग्रेस में प्रवेश लिया है। इस दौरान महापौर हेमा देशमुख, पार्षद दुलारी साहू सहित अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद थे।
नेता प्रतिपक्ष ने लगाया खरीद-फरोख्त का आरोप
वहीं इस मामले में निगम के नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने कांग्रेस पर प्रलोभन देकर भाजपा पार्षद को अपने पाले में करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वार्ड 2 से भाजपा के पार्षद अजय छैदेया ने अपने मातृ संगठन से सिर्फ कांग्रेस के प्रलोभन के चलते ही किनारा किया है। उन्होंने कहा कि कुछ महिनों पहले ही भरी साधारण सभा की बैठक में कांग्रेस राज को कोसने वाला पार्षद अचानक कैसे उस ही दल का हिस्सा बनने का विकल्प चुन सकता है। किशुन ने कहा कि तय है कि कांग्रेस के पदाधिकारियों ने उन्हें अपने पाले में करने के लिए कई तरह के सब्जजबाग दिखाएं हैं, लेकिन जल्द ही पार्षद अजय छैदेया को असलियत का एहसास हो जाएगा। उन्होंने कहा कि, खरीद-फरोख्त की सियासत ही कांग्रेस का चरित्र है।