scriptशपथ के ठीक बाद कांग्रेस ने क्रास वोटिंग के शक में एक सदस्य को किया निष्कासित, तीन को थमाया नोटिस … | Just after the oath, Congress expelled one member on suspicion of cros | Patrika News

शपथ के ठीक बाद कांग्रेस ने क्रास वोटिंग के शक में एक सदस्य को किया निष्कासित, तीन को थमाया नोटिस …

locationराजनंदगांवPublished: Feb 25, 2020 08:50:15 am

Submitted by:

Nitin Dongre

जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों ने ली शपथ

Just after the oath, Congress expelled one member on suspicion of cross-voting, gave notice to three ...

शपथ के ठीक बाद कांग्रेस ने क्रास वोटिंग के शक में एक सदस्य को किया निष्कासित, तीन को थमाया नोटिस …

राजनांदगांव. जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों ने सोमवार को शपथ ग्रहण किया। सदस्यों के शपथ के साथ ही कांग्रेस संगठन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने एक जिला पंचायत सदस्य को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया और 3 सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। निष्कासन की वजह जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में क्रास वोटिंग को बताया जा रहा है जबकि संगठन की मनाही के बाद भी भाजपा नेताओं के सामने शपथ लेने के कारण सदस्यों को नोटिस दिया गया है। शपथ समारोह पूर्व मुख्यमंत्री और राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की मौजूदगी में हुआ।
राजनांदगांव जिला पंचायत का पहला सम्मेलन जिला पंचायत परिसर में आयोजित किया गया। नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को इस मौके पर शपथ दिलाई गई। भाजपा की गीता साहू ने अध्यक्ष पद की शपथ ली जबकि भाजपा के ही विक्रांत सिंह ने उपाध्यक्ष पद की शपथ ली। इस मौके पर सभी सदस्यों को ८-८ के दल में शपथ दिलाई गई। शपथ दिलाने की प्रक्रिया जिला पंचायत की सीईओ तनुजा सलाम ने पूरी की।
कांग्रेस ने की बड़ी कार्रवाई

जानकारी के अनुसार कांग्रेस संगठन ने अपने सदस्यों को हिदायत दी थी कि वे तय समय पर शपथ के लिए पहुंचे और भाजपा के नेताओं के आने के पहले शपथ लेकर वहां से चले जाएं। कांग्रेस के कुछ जिला पंचायत सदस्यों ने पार्टी की हिदायत को दरकिनार करते हुए भाजपा नेताओं की मौजूदगी में ही शपथ ली जबकि कुछ सदस्य वहां से उठकर चले गए थे और उन्होंने बाद में शपथ ली। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवाज खान ने भाजपा नेताओं की मौजूदगी में शपथ लेने वाली 3 सदस्यों राम छत्री चंद्रवंशी, निर्मला वर्मा और कांति भंडारी को कारण बताओ नोटिस दिया है।
निष्कासन की भी कार्रवाई

जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस की ओर से एक वोट क्रास हुआ था। अब शपथ समारोह के बाद इस क्रास वोट का ठीकरा पार्टी ने सदस्य महेंद्र यादव पर फोड़ा है। कांग्रेस अध्यक्ष नवाज खान का कहना है कि पार्टी अनुशासन का पालन नहीं करने और क्रास वोट करने की आशंका के चलते यादव को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया गया है।
रमन-कौशिक ने दी नसीहत

शपथ समारोह में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जिला पंचायत के सदस्यों के कंधे पर ग्रामीण जनता के विकास की जिम्मेदारी होती है और उन्हें दलगत राजनीति से उपर उठकर काम करना होगा। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि केंद्र सरकार की विकास योजनाओं का क्रियान्वयन सदस्यों को गंभीरता के साथ करना होगा।
निष्कासित किया गया है

अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी नवाज खान ने कहा कि क्रास वोटिंग करने वाले सदस्य के संबंध में पार्टी स्तर पर पड़ताल चल रही थी। इस मामले में महेंद्र यादव की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उसे निष्कासित किया गया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो