तीन साल भाजपा में रहने के बाद पूर्व महापौर डाकलिया ने थामा कांग्रेस का दामन, अटकलों पर लगा विराम
पूर्व महापौर नरेश डाकलिया की घर वापसी हो गई है। करीब तीन साल पहले भाजपा का दामन थामने वाले डाकलिया ने राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद आज फिर से कांग्रेस में वापसी कर ली है।

राजनांदगांव. पूर्व महापौर नरेश डाकलिया की घर वापसी हो गई है। करीब तीन साल पहले भाजपा का दामन थामने वाले डाकलिया ने राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद आज फिर से कांग्रेस में वापसी कर ली है। राजधानी में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में डाकलिया ने कांग्रेस में प्रवेश किया। डाकलिया कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में माने जाते हैं।
सौ वोट से हराया था भाजपा प्रत्याशी को
राजनांदगांव नगर निगम में कांग्रेस की ओर से महापौर रहे डाकलिया ने उस समय महापौर चुनाव में जीत दर्ज की थी जब राज्य में भाजपा की सरकार थी और भाजपा का वर्चस्व था। उन्होंने सौ वोट से भाजपा प्रत्याशी को हराया था। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांगे्रस से टिकट मांगी थी। टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने भाजपा में प्रवेश कर लिया था।
संतुष्ट नहीं थे डाकलिया
भाजपा नेतृत्व और पूर्व मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव के कई पुराने भाजपाईयों को छोड़कर डाकलिया को पद दिया था। उन्हें हाउसिंग बोर्ड का डायरेक्टर बनाया गया था, लेकिन बताते हैं कि डाकलिया इससे संतुष्ट नहीं थे। भाजपा में आने के पीछे की वजह यह बताई जाती है कि उन्हें लालबत्ती देने का वादा किया गया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और वे तब से भाजपा से नाराज चल रहे थे।
चल रही थीं अटकले
हालांकि विधानसभा चुनाव के दौरान डाकलिया ने अपना नया बना परिसर भाजपा के विधानसभा स्तरीय कार्यालय के लिए दे दिया था लेकिन राज्य में सत्ता बदलने के साथ ही डाकलिया के कांग्रेस में घर वापसी की अटकलें चल रही थीं। राजधानी रायपुर में कांग्रेस भवन में शनिवार को डाकलिया ने कांग्रेस में प्रवेश किया। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के समक्ष कांग्रेस प्रवेश किया।
कहा आ गया मूल संस्था में
इस दौरान संगठन प्रभारी चंदन यादव, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा और मंत्री टीएस सिंहदेव, शिव डहरिया, गिरीश देवांगन समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कांग्रेस नेता नरेश डाकलिया ने बताया कि भाजपा में जाना भूल थी। घर वापसी का इंतजार था। आज यह हो गया। अपनी मूल संस्था में अब आ गया हूं।
अब पाइए अपने शहर ( Rajnandgaon News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज