scriptसीडी कांड के सवाल पर सीएम ने साधी चुप्पी, बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए | Rajnandgaon : CM dr raman singh | Patrika News

सीडी कांड के सवाल पर सीएम ने साधी चुप्पी, बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए

locationराजनंदगांवPublished: Oct 31, 2017 12:06:35 pm

Submitted by:

Dakshi Sahu

अंतागढ़ की सीडी की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने चुप्पी साध ली।

cm
राजनांदगांव. अंतागढ़ की सीडी की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने चुप्पी साध ली और इसका कोई जवाब दिए बिना ही आगे बढ़ गए। मौजूदा समय में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत की कथित सीडी मामले की सीबीआई जांच के सरकार के फैसले के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने अंतागढ़ की सीडी की भी सीबीआई जांच के लिए सीएम को पत्र लिखा है।
हालांकि इस सवाल का जवाब मुख्यमंत्री से नहीं मिला। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह अपने विधानसभा मुख्यालय के दो दिनी दौरे पर हैं। आज यहां अपने निवास और फिर भाजपा की ओर से आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री ने शिरकत की। लोगों से शुभमनाओं का आदान-प्रदान किया।
प्रेस क्लब के एयरकंडीशंड कांफ्रेंस हॉल का भी सीएम ने उद्घाटन किया। इस मौके पर मीडिया ने उनसे बात की। अंतागढ़ की सीडी की जांच के जोगी की मांग और इसे लेकर पत्र लिखने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कुछ नहीं कहा। वे इस सवाल को सुनते ही बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए।
हारी हुई सीटों पर इस बार होगी कसरत
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि पार्टी ने प्रदेश की उन ४१ विधानसभा सीटों पर इस बार के चुनाव में ध्यान केन्द्रित करने का फैसला लिया है, जिनमें पार्टी के विधायक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हारी हुई इन सीटों में पार्टी के सांसदों, मंत्रियों, निगम मंडलों के अध्यक्षों को प्रभारी बनाया गया है और उनको इन सीटों को जीतने का टारगेट दिया गया है।
तीन को जिम्मेदारी
राजनांदगांव में मुख्यमंत्री ने पांच लोगों को मंत्री का दर्जा दिया है। इनमें से दो और सांसद को तीन अलग अलग विधानसभाओं की जिम्मेदारी दी गई है। जानकारी के अनुसार अभनपुर विधानसभा की जिम्मेदारी बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष खूबचंद पारख, संजारी बालोद की जिम्मेदारी सांसद अभिषेक सिंह और गुंडरदेही का प्रभार वेयरहाऊस के चेयरमेन नीलू शर्मा को दिया गया है।
सीएम कैम्प कार्यालय में दीपावली मिलन समारोह में एक ओर जहां मुख्यमंत्री ने लोगों से दीपावली की बधाईयोंं का आदान-प्रदान किया, वहीं उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को नसीहत भी जमकर दी। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सिर्फ नारे लगाने तक सीमित न रहें। जनता से जुड़े मुद्दे उठाने में भी आगे रहें।
दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि एलडब्ल्यूई क्षेत्रों के लिए शासन द्वारा दी जाने वाली 70 करोड़ रुपए की राशि से मोहला-मानपुर विकासखंडों का बेहतर विकास हो पाएगा। जिले में शिक्षकों की कमी पूरी तरह दूर कर दी जाएगी। बोनस तिहार की तरह ही तेंदूपत्ता बोनस तिहार का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानियां दूर हों, इसलिए मैं हर दिन 16 घंटे काम करता हूं इसलिए लोगों से भी इतना ही काम करने का आग्रह कर पाता हूं।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने दीपावली मिलन समारोह में कहा कि पार्टी ने हर कार्यकर्ता को अलग अलग जिम्मेदारी दी है। यहां भी कुछ लोगों को लालबत्ती दी गई है। वे अपनी जिम्मेदारी निभाने से नहीं चूकें। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने उनकी भी पेशी होती है, ऐसे में सबको अपना प्रदर्शन बेहतर रखना होगा। सभी को पार्टी और जनता से जुड़े मसलों पर काम करना होगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो