scriptसरकारी कर्मचारी का दावा, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष के बराबर का होता है उसका प्रोटोकॉल | Rajnandgaon: Nagar Nigam Palika Rajnandgaon | Patrika News

सरकारी कर्मचारी का दावा, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष के बराबर का होता है उसका प्रोटोकॉल

locationराजनंदगांवPublished: Oct 14, 2017 11:49:23 am

Submitted by:

Dakshi Sahu

नगर निगम भिलाई में किया गया है। इस तबादले के बाद श्रीवास्तव का विरोध सामने आने लगा है और उन्होंने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

work
राजनांदगांव. नगर निगम के सहायक अभियंता जयनारायण श्रीवास्तव ने खुद को प्रोटोकाल में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष के समकक्ष बताते हुए गुरूवार को हुए अपने तबादले को कर्मचारी आंदोलन के सफल होने का सरकारी इनाम करार दिया है।
श्रीवास्तव का गुरूवार को यहां से भिलाई नगर निगम में इसी पद पर तबादला हुआ है। उनकी मानें तो पिछले दिनों कर्मचारी हित में राजधानी रायपुर में आंदोलन करने के कारण उनका तबादला कर कर्मचारी आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सोशल मीडिया में भी अपने गुस्से का इजहार किया है।
दरअसल, नगरीय प्रशासन विभाग ने गुरूवार को एक आदेश जारी कर 5 अफसरों के तबादले किए हैं। इस सूची में तीसरे नंबर पर राजनांदगांव नगर निगम के सहायक अभियंता जयनारायण श्रीवास्तव का नाम है। उनका तबादला नगर निगम भिलाई में किया गया है। इस तबादले के बाद श्रीवास्तव का विरोध सामने आने लगा है और उन्होंने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
श्रीवास्तव भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं और स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ से जुड़े हुए हैं। उन्होंने अपने तबादले को बदले की भावना से किया गया काम करार दिया है। श्रीवास्तव ने तबादला आदेश जारी होने के बाद गुरूवार रात करीब सवा १० बजे सोशल मीडिया में एक पोस्ट कर कहा कि उन्होंने कर्मचारी हित में राजधानी में धरना आंदोलन किया था और इस काम का उनको पुरस्कार मिल गया है।
इस पोस्ट में लगातार श्रीवास्तव के पक्ष में टिप्पणियां आने के बाद उन्होंने साफ तौर पर एलान कर दिया है कि वे इस तरह के तबादले से भयभीत नहीं होंगे और अपना तबादला रूकवाने का प्रयास भी नहीं करेंगे बल्कि भिलाई में कार्यभार ग्रहण करने के बाद सातवें वेतनमान सहित कर्मचारी हित में संघर्ष जारी रखेंगे। एक टिप्पणी के जवाब में श्रीवास्तव ने यह भी कहा कि वे बीएमएस (भारतीय मजदूर संघ) के पदाधिकारी हैं और प्रोटोकाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बराबर हैं।
ये था आंदोलन
रायपुर के बूढ़ापार में भारतीय मजदूर संघ से संबंद्ध कर्मचारी महासंघ ने सातवां वेतनमान सहित २३ सूत्रीय मांगों को लेकर महाधरना दिया था। इस धरने की अगुवाई भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्रीवास्तव ने ही की थी। धरने के बाद इन लोगों ने मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की थी और फिर बाद में अपने धरने को सफल बताते हुए सोशल मीडिया में इससे संबंधित पोस्ट भी किया था।
नगर निगम राजनांदगांव में श्रीवास्तव के पास अमृत मिशन की निगरानी का काम फिलहाल है। नगर निगम के जल कार्य विभाग के काम के अलावा नवागांव में ट्रेचिंग ग्राऊंड के निर्माण का प्रभार भी वे देख रहे हैं। सहायक अभियंता निगम राजनांदगांव जयनारायण श्रीवास्तव ने बताया कि हमने कर्मचारी हित में धरना प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन की सफलता से घबराकर सरकार ने तबादले जैसा कदम उठाया है। कर्मचारी हित में संघर्ष जारी रहेगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो