राजनंदगांव

CM जी ये आपके क्षेत्र की महिलाएं हैं, जो पीने के पानी के लिए कर रहीं जल सत्याग्रह

मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र राजनादगांव के ग्रामीण वार्ड मोहारा, हल्दी व बसंतपुर में लंबे समय से पेयजल व निस्तारी की समस्या है।

राजनंदगांवNov 11, 2017 / 01:59 pm

Dakshi Sahu

राजनांदगांव. मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र राजनादगांव के ग्रामीण वार्ड मोहारा, हल्दी व बसंतपुर में लंबे समय से पेयजल व निस्तारी की समस्या है। वार्डवासी व जोगी कांग्रेस ने शनिवार को इन समस्या को लेकर शिवनाथ नदी में जल सत्याग्रह कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री व निगम प्रशासन के खिलाफ में जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने सरकार की नीतियों को कोसते हुए कहा कि एक तरफ नदी है दूसरी तरफ हमारे बच्चे प्यासे हैं।
लंबे समय से पानी की समस्या
मोहारा वार्ड के पार्षद अवधेश प्रजापति ने कहा कि मोहारा वार्ड शिवनाथ नदी से लगा हुआ शहर का वार्ड है। वार्ड में लंबे समय से पानी की समस्या है। उन्होने बताया कि घरों में लगे नलों में पर्याप्त पानी नहीं आ रहा है। वहीं नल कूप भी दिखावा साबित हो रहा है। बसंतपुर वार्ड पार्षद दीपक यादव ने बताया कि वार्ड में पानी के अलावा अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए वार्ड वासी तरस रहे हैं। महिलाओं ने मांगों की अनदेखी होते हुए देखकर जल सत्याग्रह किया।
सीएम के कर्मक्षेत्र में समस्या, शर्म की बात
जोगी कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मेरुल मारु ने कहा कि यह बहुत ही शर्म की बात है कि सीएम के कर्मक्षेत्र में ग्रामीण वार्ड के रहवासियों को पानी के लिए जल सत्याग्रह करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के मुखिया विकास के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन उसके ही क्षेत्र में लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। लोगों की घरों में पीने तक पानी नहीं पहुंच रहा और हम डिजिटल इंडिया की बात करके वाहवाही बटोरते नहीं थकते हैं।
बड़ी संख्या में महिलाएं हुई आन्दोलन में शामिल
जल सत्याग्रह में जोगी कांग्रेस के अलावा मोहारा, हल्दी व बसंतपुर वार्ड की महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल हुई। महिलाओं में पानी की समस्या व अन्य समस्याओं को लेकर काफी आक्रोश देखा गया। महिलाओं ने भी राज्य सरकार व निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि तय समय में पानी अगर नहीं मिला तो वे आगे भी उग्र आंदोलन करेंगी।

Home / Rajnandgaon / CM जी ये आपके क्षेत्र की महिलाएं हैं, जो पीने के पानी के लिए कर रहीं जल सत्याग्रह

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.