ग्राम पेटी निवासी करण वर्मा पिता लक्ष्मण पेशे से किसान है। मतदान केंद्र क्रमांक 279 में अपने वोट डालने पहुंचा, लेकिन प्रशासन की ओर से जारी किए गए मतदाता सूची में उनके नाम के आगे निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र जारी होने की बात लिखी गई थी। यह प्रमाण पत्र नौकरी में होने और चुनाव ड्यूटी लगे होने की स्थिति में मतदाता को जारी किया जाता है। इस तरह पीठासीन अधिकारी ने उन्हें लौटा दिया।
इस मामले में अपर कलक्टर ओंकार यदु का कहना है कि त्रुटिवश मतदाता सूची में इस तरह प्रकाशन हुआ होगा। उसे दिखवाता हूं। उन्हें सील लगा हुआ एक मतपत्र जारी कर वोटिंग करा दिया जाएगा।
जालबांधा संवाददाता विनोद चोपड़ा ने बताया कि उक्त किसान पांचवी पढ़ा हुआ है। केंद्र में पहुंचने पर जब पीठासीन अधिकारी ने उन्हें सरकारी नौकरी पर होने और निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र जारी होने की बात बताई तो उनके होश उड़ गए। केंद्र से बाहर निकलकर उन्होंने इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी। यह प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।