scriptडोंगरगढ़ मानव तस्करी मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, पीडि़त महिला को डेढ़ लाख में खरीदने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार | Youth arrested in Dongargarh human trafficking case | Patrika News

डोंगरगढ़ मानव तस्करी मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, पीडि़त महिला को डेढ़ लाख में खरीदने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

locationराजनंदगांवPublished: Dec 03, 2020 01:36:53 pm

Submitted by:

Dakshi Sahu

डोंगरगढ़ में मानव तस्करी मामले में रायपुर की भाजपा नेत्री के गिरफ्तारी के बाद डोंगरगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महिला को खरीदने वाले युवक को राजस्थान के पिलौद गांव से गिरफ्तार किया है।

डोंगरगढ़ मानव तस्करी मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, पीडि़त महिला को डेढ़ लाख में खरीदने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

डोंगरगढ़ मानव तस्करी मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, पीडि़त महिला को डेढ़ लाख में खरीदने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

राजनांदगांव. जिले के डोंगरगढ़ में मानव तस्करी मामले में रायपुर की भाजपा नेत्री के गिरफ्तारी के बाद डोंगरगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महिला को खरीदने वाले युवक को राजस्थान के पिलौद गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने डोंगरगढ़ की महिला को डेढ़ लाख रुपए में खरीदा था। आरोपी हरियाणा बार्डर से लगे राजस्थान के पिलौद गांव का रहने वाला है। इसी आरोपी के चंगुल से भागकर महिला थाने पहुंची थी। मानव तस्करी की जांच के लिए बनी टीम के सदस्यों ने बताया कि पीडि़ता की दी जानकारी मुताबिक टीम हरियाणा रवाना की गई थी। जहां से युवक की जानकारी लेते हुए टीम के अफसर राजस्थान के झूंझुनू जिले में पहुंचे। पिलौद गांव में आरोपी सुरेश कुमार (32) के होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने सुरेश के मकान में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एक बाद एक गिरफ्तारी से मचा हड़कंप
आरोपी ने बताया कि पूर्व में पकड़े गए आरोपी शुभम और साजदा सैयद और अजय ने मिलकर उसकी शादी पीडि़ता से कराई थी। उसने आरोपियों को डेढ़ लाख रुपए भी दिए थे। सुरेश ने पूछताछ में पीडि़ता के पहले खरीददार अजय के बारे में भी कई अहम जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मानव तस्करी के इस अंतरराज्यीय गैंग के खुलासे के बाद छत्तीसगढ़ में हड़कंप मच गया है। एक के बाद एक गिरफ्तारी से इस पूरे गैंग के घिनौने कृत्य की जानकारी पुलिस को मिलती जा रही है।
ऐसे हुआ था घटना का खुलासा
डोंगरगढ़ निवासी महिला को मानव तस्करी गैंग की महिला सदस्य ने दोस्ती के जाल में फंसाकर उसका अपहरण कर लिया। महिला को आरोपियों ने पहले हरियाणा और फिर राजस्थान में बेच दिया। इस बीच आरोपियों ने महिला के साथ बलात्कार भी किया। किसी तरह दूसरे खरीदार के चंगुल से छूटकर महिला वापस छत्तीसगढ़ पहुंची। डोंगरगढ़ पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। जिसके बाद आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर रही है।
रेखा व अजय की तलाश कर रही पुलिस की टीम
इधर पुलिस ने दूसरी टीम भी दिल्ली व हरियाणा के लिए रवाना की गई है। पुलिस को पीडि़ता के पहले खरीदार अजय और एयर टिकट बनाने वाली गंगा पांडे के साथ मौजूद रही रेखा की भी तलाश है। इन्हीं दोनों आरोपियों के कुछ सुराग पुलिस को मिले हैं, जिसके आधार पर दूसरी टीम रवाना की गई है। मामले में सभी संलिप्त आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एक अन्य टीम डोंगरगढ़ व जिले के दूसरे हिस्से में भी मानव तस्करी से जुड़े तार खंगालने का प्रयास कर रही है।

ट्रेंडिंग वीडियो