डिस्कॉम में औसत बिलिंग से चल रहा काम, बदले जाएंगे खराब मीटर
- शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 9 हजार से अधिक मीटर खराब, अभियान चलाकर बदलेंगे मीटर, 5 हजार से अधिक नए मीटर निगम को मिले, शेष भी जल्द मिलने की उम्मीद
राजसमंद
Published: March 11, 2022 04:42:31 pm
राजसमंद. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में औसल बिलिंग का खेल जल्द बंद होगा। निगम ने खराब मीटरों को बदलने की तैयारी शुरू कर दी है। जिले में करीब 9 हजार खराब मीटर हैं, जिन्हें जल्द बदलने के लिए निगम की ओर से अभियान चलाया जाएगा।
अजमेर विद्युत निगम की ओर से मीटरों की सप्लाई नहीं होने के कारण लम्बे समय से खराब मीटरों को बदला नहीं जा रहा था। इसके कारण ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जिन उपभोक्ताओं के मीटर खराब है उनके यहां औसत बिलिंग की जा रही थी। इसके कारण डिस्कॉम को भी नुकसान हो रहा था। डिस्कॉम के पास मीटरों की सप्लाई होने पर जिले के लिए करीब 5 हजार मीटर जारी किए गए हैं। शेष मीटरों की सप्लाई भी जल्द होने की उम्मीद है। इसके बाद निगम की ओर से आगामी दिनों में अभियान चलाकर मीटरों को बदलने का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए तकनीकि कर्मचारियों को भी निर्देशित किया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में वित्तीय वर्ष की समाप्ति के चलते बकाया वसूली अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद मीटरों को बदला जाएगा।
फैक्ट फाइल
- 243390 उपभोक्ता ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में
- 8500 से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में खराब मीटर
- 500 से अधिक शहरी क्षेत्र में मीटर खराब
ऐसे होती है औसत बिलिंग
घरेलू उपभोक्ता के मीटर खराब होने पर मीटर रीडिंग नहीं हो पाती है। इसके कारण पिछले तीन माह के बिलों के आधार पर अथवा मीटर खराब होने से पहले के बिल के आधार पर औसत बिलिंग की जाती है। हालांकि इससे डिस्कॉम और उपभोक्ता दोनों को नुकसान होता है।
इनका कहना है...
मुख्यालय से 5 हजार मीटर मिले है, जल्द खराब मीटरों को बदलने का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। जिले में साढ़े 8 हजार से अधिक मीटर खराब है जिन्हें बदला जाना है।
- पारसमल जैन, एसई विद्युत वितरण निगम राजसमंद

राजसमंद का विद्युत वितरण निगम कार्यालय भवन
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
